सिरेमिक सेक्टर में ट्रेंड्स और चुनौतियाँ’ पर राष्ट्रीय सम्मेलन

सिरेमिक सेक्टर में ट्रेंड्स और चुनौतियाँ’ पर राष्ट्रीय सम्मेलन

प्रेस विज्ञप्ति: एनआईटी राउरकेला में ‘मृत्तिका 3.0 – सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लिए सिरेमिक सेक्टर में ट्रेंड्स और चुनौतियाँ’ पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) राउरकेला के सिरेमिक इंजीनियरिंग विभाग और इंडियन सिरेमिक सोसाइटी (InCerS) स्टूडेंट चैप्टर द्वारा मृत्तिका (MRITTIKA ) 3.0 का भव्य उद्घाटन किया गया। यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन, जो 3 अप्रैल से 5 अप्रैल 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, सिरेमिक उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और छात्रों को एक मंच पर लाने का कार्य कर रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य सिरेमिक क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और इसके सतत विकास में योगदान पर चर्चा करना है। मृत्तिका 3.0, InCerS स्टूडेंट चैप्टर एनआईटी राउरकेला और सिरेमिक इंजीनियरिंग विभाग, एनआईटी राउरकेला द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित तीसरा संस्करण है, जो विशेषज्ञों और युवा शोधकर्ताओं के लिए आधुनिक प्रवृत्तियों और वैज्ञानिक प्रगति पर चर्चा करने का एक प्रमुख मंच प्रदान करता है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अतनु रंजन पाल (अध्यक्ष, इंडियन सिरेमिक सोसाइटी और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी, टाटा स्टील) एवं विशिष्ट अतिथि श्री अतनु भौमिक (पूर्व निदेशक-इन-चार्ज, राउरकेला स्टील प्लांट) उपस्थित रहे। इसके अलावा, एनआईटी राउरकेला के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव, सिरेमिक इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख प्रो. रणब्रत मजूमदार, InCerS स्टूडेंट चैप्टर की चेयरपर्सन सुश्री दिब्यार्चना नायक, और सम्मेलन के संयोजक प्रो. स्वदेश कुमार प्रतिहार और प्रो. पार्थ साहा सहित कई प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
इस कार्यक्रम में 80 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें प्रमुख उद्योगों के प्रतिनिधि, संकाय सदस्य, वैज्ञानिक और विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे एनआईटी राउरकेला, GCECT कोलकाता, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय, बिट्स पिलानी, CSIR-CGCRI और भागलपुर विश्वविद्यालय के छात्र शामिल हैं। मृत्तिका 3.0 सिरेमिक क्षेत्र में सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रहा है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अतनु रंजन पाल ने सिरेमिक निर्माण में सतत विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "जैसे-जैसे उद्योग पर्यावरण-अनुकूल और क्वालिटी सामग्री की ओर बढ़ रहे हैं, सिरेमिक क्षेत्र स्थायी उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) विभिन्न क्षेत्रों में नई संभावनाएँ उत्पन्न कर रही है, जिससे सिरेमिक उद्योग भी नवाचार और दक्षता को बढ़ाने के लिए इसका उपयोग कर सकता है। यह सम्मेलन चुनौतियों पर चर्चा करने और एक हरित भविष्य की दिशा में ठोस परिणाम निकालने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।"
विशिष्ट अतिथि श्री अतनु भौमिक ने सिरेमिक उद्योग के बदलते परिदृश्य पर चर्चा की। उन्होंने कहा, "पारंपरिक से लेकर आधुनिक सिरेमिक तक, इसके उत्पादों ने हमारे जीवन को बदल दिया है। सिरेमिक निर्माण में इंडस्ट्री 4.0 के एकीकरण और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों, विशेष रूप से जलविद्युत-आधारित उत्पादन, के उपयोग से यह क्षेत्र अधिक सस्टेनेबल बन सकता है। ‘ग्रीन प्रोडक्शन’ की दिशा में किफायती नवाचारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जो उच्च प्रदर्शन, स्थायित्व और वहनीयता को सुनिश्चित करें। दक्षता और स्थिरता के बीच संतुलन बनाकर, सिरेमिक उद्योग को अधिक आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाया जा सकता है।"
अपने संबोधन में, प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने कहा, " मृत्तिका 3.0 उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहयोग को मजबूत करता है और सिरेमिक उद्योग में सामग्री विज्ञान के भविष्य को आकार देने में सहायक है। मैं सम्मेलन के आजोयक टीम की सराहना करता हूँ कि उन्होंने सतत निर्माण के महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया है। मैं छात्रों को अपने नवाचारों और उत्पादन प्रक्रियाओं में ऊर्जा संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करने और भविष्य को संवारने में योगदान देने के लिए प्रेरित करता हूँ।"
सम्मेलन में प्रमुख विषयों पर चर्चा की जा रही है, जिनमें शामिल हैं:
● भविष्य में रेफ्रैक्टरी उद्योगों की संभावनाएँ
● ग्लास विज्ञान और प्रौद्योगिकी में नवाचार
● सेंसर, एक्ट्यूएटर्स और बायोमटेरियल्स में प्रगति
● सिरेमिक निर्माण में इंडस्ट्री 4.0 का एकीकरण
● सतत निर्माण और कार्बन फुटप्रिंट में कमी
● ऊर्जा भंडारण, जल शुद्धिकरण और परमाणु क्षेत्रों में सिरेमिक अनुप्रयोग
● सामग्री विज्ञान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग की भूमिका
उद्योग प्रदर्शनी, तकनीकी सत्रों और छात्र गतिविधियों जैसे कि सामग्री नीलामी और पॉटरी कार्यशाला के साथ, मृत्तिका 3.0 एक रोचक और बौद्धिक रूप से समृद्ध अनुभव प्रदान करेगा।