हाथी की मौत से बढ़ी चिंता, एक माह से क्षेत्र में सक्रिय है हाथियों का झुंड

हाथी की मौत से बढ़ी चिंता, एक माह से क्षेत्र में सक्रिय है हाथियों का झुंड

धान के खेत के पास मिला हाथी का शव, करंट लगने से मौत की आशंका; वन विभाग कर रहा जांच

राउरकेला: बंडामुंडा पंचायत के टुंगरीटोली गांव में बुधवार सुबह एक हाथी का शव मिलने से ग्रामीणों के बीच चिंता का माहौल है। पिछले करीब एक महीने से इस क्षेत्र में हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा था। इसी बीच धान के खेत के समीप हाथी का शव मिलने से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह खेत के पास हाथी मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही राउरकेला के डीएफओ रविकांत मीणा सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौत के कारणों की जांच शुरू की।

प्रारंभिक पड़ताल में खेत के आसपास फसल की सुरक्षा के लिए बिजली की तार लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। इस कारण आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत तार के संपर्क में आने से हुई होगी। हालांकि, मौत की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

एक महीने से हाथियों की आवाजाही

टुंगरीटोली और आसपास के इलाके में पिछले एक महीने से हाथियों के झुंड की लगातार आवाजाही बनी हुई थी। ऐसे में हाथी की मौत की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बीच उनकी सुरक्षा और खेतों में लगाए गए सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी चर्चा हो रही है।

वन विभाग की ओर से हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल विभाग सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई  की जाएगी।