राउरकेला (बंडामुंडा): रेलनगरी बंडामुंडा थाना क्षेत्र के जमसेरा पंचायत अंतर्गत दलपोष गांव में जमीन के टुकड़े के लिए रिश्तों के कत्ल की कोशिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार को मामूली जमीन विवाद में एक कलयुगी चाचा ने अपनी ही भतीजी पर तीर से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीर महिला के पेट में जा धंसा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। घायल महिला की पहचान रजनी टोपनो के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बंडामुंडा थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा लक्ष्मण ओराम को हिरासत में ले लिया। लहूलुहान हालत में रजनी टोपनो को तुरंत राउरकेला सरकारी अस्पताल (RGH) ले जाया गया। हालांकि, तीर पेट में गहरे धंसने और हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।
बंडामुंडा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी लक्ष्मण ओराम के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। बुधवार शाम को पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी चाचा को कोर्ट चालान कर दिया है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है।