निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले ही ज़बाब दे गई सड़क
अनुराग आचार्य ( संवाददाता)
अंगुल जिले के तालचर के प्रभावित अंचलों में जिला खनिज कोष से विकास कार्य किए जा रहे हैं।इन अंचलों के विकास के लिए "एमसीएल" कोयला खान द्वारा विभिन्न परियोजनाओं के लिए लाखों रूपए दिए जा रहे हैं ।
लेकिन ज़िला ग्राम उन्नयन संस्थान द्वारा इस पैसे का दुरपयोग करने का मामला प्रकाश में आया है, जहां जनता की शिकायत है कि विकास के नाम पर निम्न गुणवत्ता वाले कार्य किए जा रहे हैं।
इसी तरह का एक ताजा उदाहरण देखने को मिला तालचर प्रखंड अंतर्गत आनेवाले वनतोल ग्राम में ।वनतोल ग्राम में अमीय बल के घर से केनाल तक एक पक्के रास्ते का निर्माण किया गया था। ग्रामीणों की ओर से यह निर्माण कार्य निम्न दर्जे का होने की बारंबार शिकायत किए जाने के बाद जिला खनिज कोष से इस रास्ते की नवीनीकरण के लिए आर्थिक वर्ष २०२१-२२ के तहत नौ लाख रुपए दिए गए थे। इस रास्ते का नवीनीकरण भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया और निर्माण कार्य अभी खत्म ही हुए हैं कि इस पक्के रास्ते से गिट्टीयां बाहर आने लगी है। रास्ते की हालत ऐसी हो गई है कि इस रास्ते से होकर यातायात करना दूभर हो गया है।
तालचर में हो रहे ऐसे कार्यों को देखते हुए लोगों के बीच इस बात की चर्चा जोरों पर है कि कर्मचारियों और ठेकेदारों की मिली भगत के कारण लोगों तक योजना का पूरा-पूरा लाभ पहुंच नहीं पाता।
इतना ही नहीं कार्य होने से पुर्व कार्य की जानकारी देने के लिए शिलापट्ट बनाने का नियम है पर वनतोल ग्राम में किए गए रास्ता निर्माण में इस नियम का पालन नहीं किया गया।





