उद्घाटन मैच में नीलशैल महाविद्यालय की शानदार जीत
संबलपुर विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट (पूल-ई) का आगाज, उद्घाटन मैच में नीलशैल महाविद्यालय की शानदार जीत
जगदा (राउरकेला), 16 नवंबर: संबलपुर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट (पूल-ई) का शुभारंभ आज जगदा स्थित नीलशैल महाविद्यालय के खेल मैदान में हुआ। इस टूर्नामेंट का आयोजन नीलशैल महाविद्यालय, जगदा द्वारा किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के वरिष्ठ कोच प्रकाश पटनायक और कुआरमुंडा के जिला परिषद सदस्य राजेंद्र कुजूर उपस्थित रहे। वहीं सम्मानित अतिथियों में समाजसेवी दिलीप लहरी, समाजसेवी हिमांशु पंडा, अध्यक्ष दिनेश धनवार, महासचिव सागर प्रधान, क्रीड़ा सचिव वंदना तिर्की, विज्ञान सचिव तेजस्विनी दाश और कला सचिव श्रावणी राउत शामिल हुए। पूरे टूर्नामेंट का संचालन आयोजन सचिव एवं अंग्रेजी प्राध्यापक संजित भुइयां तथा सहायक आयोजन सचिव एवं खेल शिक्षक सुशांत सतपती की देखरेख में किया गया। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान नीलशैल महाविद्यालय और राउरकेला कॉलेज के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नीलशैल महाविद्यालय की टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राउरकेला कॉलेज की टीम नीलशैल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 50 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह नीलशैल महाविद्यालय ने 106 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
नीलशैल महाविद्यालय की जीत में गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। अभिषेक चंपति ने 3.3 ओवर में 26 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि रोनित प्रधान ने 4 ओवर में महज 11 रन खर्च कर 4 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए।





