गोतस्करी पर बड़ी कार्रवाई:27 गोवंशो का सफल रेस्क्यू

गोतस्करी पर बड़ी कार्रवाई:27 गोवंशो का सफल रेस्क्यू

गंजाम में गो-तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: 27 गोवंश सुरक्षित रेस्क्यू, गोधूलि गोशाला में मिला आश्रय पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभियान सफल; अधिवक्ता एवं समाजसेवी मीराबाई देव और गोशाला कार्यकर्ताओं ने निभाई अहम भूमिका

गंजाम (ओडिशा): गोवंशों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए गंजाम जिले में गोधूलि गोशाला की ओर से एक बड़ी पहल की गई है। गोशाला के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से गो-तस्करी के दौरान 27 गोवंशों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इस पूरे मानवीय अभियान में अधिवक्ता एवं समाजसेवी मीराबाई देव ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए सभी गोवंशों को सुरक्षित आश्रय दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जानकारी के अनुसार, कविसूर्यनगर नगरपालिका अंतर्गत गुडियाली स्थित गोधूलि गोशाला के सदस्यों को सूचना मिली थी कि कविसूर्यनगर के सामंतरापुर इलाके से कुछ गो-व्यापारी, दिगपहंडी ब्लॉक के सिद्धेश्वर गांव के व्यापारियों के माध्यम से 27 गोवंशों को लेकर जा रहे हैं। इसी दौरान झाड़बंध गांव के पास गोशाला के सदस्यों की नजर इन गोवंशों पर पड़ी।

सूचना मिलते ही गोधूलि गोशाला के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे और गोवंशों को रोककर पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस के त्वरित हस्तक्षेप से सभी 27 गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान अधिवक्ता एवं समाजसेवी मीराबाई देव ने गोशाला के सदस्यों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी गोवंशों को सुरक्षित गोशाला तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई। रेस्क्यू किए गए सभी 27 गोवंशों को फिलहाल गोधूलि गोशाला में सुरक्षित आश्रय दिया गया है। वहां उनके लिए भोजन, पानी और आवश्यक देखभाल की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें सुरक्षित वातावरण मिल सके।

इस सफलता पर गोधूलि गोशाला परिवार ने रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने वाले पुलिस प्रशासन, सभी गोप्रेमियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। अधिवक्ता मीराबाई देव और गोधूलि गोशाला के सदस्यों के इस प्रयास की पूरे क्षेत्र में सराहना और चर्चा हो रही है। यह पहल न केवल गोवंश संरक्षण का सशक्त संदेश देती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि समाज में बेजुबान और असहाय पशुओं की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।