सेंसेई सत्यभान साहू: कराटे यात्रा के 47 वर्ष

सेंसेई सत्यभान साहू: कराटे यात्रा के 47 वर्ष

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

कभी-कभी जिंदगी की दिशा बदलने के लिए एक छोटी-सी घटना ही काफी होती है। कोई मुलाकात, कोई प्रेरक प्रसंग या फिर कोई फिल्म इंसान के भीतर छिपे जुनून को ऐसी ऊर्जा दे सकती है, जो जीवनभर उसका मार्गदर्शन करती रहे। कराटे गुरु सत्याभान साहू की जिंदगी भी एक ऐसी ही फिल्म से बदल गई। वर्ष 1979 में विश्वविख्यात मार्शल आर्ट्स कलाकार ब्रूस ली की फिल्म ‘एंटर द ड्रैगन’ देखने के बाद उनके मन में कराटे सीखने की ऐसी ललक जगी कि उन्होंने इसे ही अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया। 

वर्ष 1979 में शुरू हुई उनकी यह यात्रा लगभग 47 वर्षों से निरंतर जारी है। इस दौरान उन्होंने राउरकेला और आसपास के क्षेत्रों में कराटे को बढ़ावा देने के साथ सैकड़ों विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया है। आज 70 वर्ष की उम्र में भी वह उसी जुनून और समर्पण के साथ कराटे की साधना में जुटे हैं। जेकेए से छठी डैन ब्लैक बेल्ट प्राप्त सेंसेई सत्यभान साहू शोतोकान कराटे के मुख्य प्रशिक्षक तथा जेकेएआई ओडिशा के राज्य प्रमुख हैं। बॉक्सिंग और लाठी चलाने के शौकीन साहू ने वर्ष 1979 में देवाशीष दत्ता के नेतृत्व में उन्होंने कुछ अन्य साथियों के साथ कराटे का अभ्यास शुरू किया। चार साल में वे इतने पारंगत हो गए कि 1983 में राउरकेला क्लब में लोगों को सिखाना शुरू किया।  कराटे को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से साहू ने वर्ष 1990 से कोविड लॉकडाउन तक कार्मेल स्कूल, सेंट पॉल स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल और डिसूजा स्कूल के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया। वर्ष 1991 में तत्कालीन राउरकेला इंजीनियरिंग कॉलेज में भी लगभग दो वर्षों तक कराटे की कक्षाएं संचालित कीं।उनका प्रशिक्षण पुलिस और सुरक्षा बलों तक भी पहुंचा। उन्होंने राउरकेला में ओडिशा स्टेट आर्म्ड पुलिस, होमगार्ड और सिविल पुलिस के जवानों को कराटे का प्रशिक्षण दिया। इसके अतिरिक्त संबलपुर में 188 कांस्टेबलों को प्रशिक्षित किया। 

वर्ष 1991 में राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) के सहयोग से सेक्टर-20 स्थित इनडोर स्टेडियम में प्रथम ईस्ट इंडिया सोतो कप कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा की टीमों ने हिस्सा लिया। जापान कराटे एसोसिएशन (जेकेए) की परंपरा के अनुसार जापानी मास्टरों द्वारा आयोजित परीक्षाओं में ब्लैक बेल्ट प्राप्त करना कठिन साधना और तकनीकी दक्षता का परिणाम होता है। अपने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और ब्लैक बेल्ट परीक्षाओं में शामिल कराने के लिए साहू ने देश के विभिन्न स्थानों की यात्राएं कीं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 150 से अधिक विद्यार्थी जापानी मास्टरों द्वारा आयोजित परीक्षाओं में ब्लैक बेल्ट प्राप्त कर चुके हैं। उनके प्रमाणपत्र और डिप्लोमा जापान स्थित जेकेए मुख्यालय द्वारा जारी किए गए हैं। विशेष बात यह है कि स्वयं साहू आज भी सीनियर सिटीजन वर्ग की कराटे प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं और पदक जीतते हैं। उनका मानना है कि कराटे सीखने की कोई उम्र नहीं होती।

कराटे की बढ़ती लोकप्रियता के बीच साहू इसके वास्तविक स्वरूप और परंपरा को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि ऑनलाइन ब्लैक बेल्ट प्रमाणपत्र देने जैसी गतिविधियां इस विधा की विश्वसनीयता को प्रभावित करती हैं। उनके अनुसार ब्लैक बेल्ट केवल एक प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि वर्षों के अभ्यास, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और कठिन परीक्षा का परिणाम होना चाहिए। सत्यभान साहू के लिए कराटे केवल एक खेल या मार्शल आर्ट नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और चरित्र निर्माण की जीवनभर चलने वाली साधना है।  वर्तमान में सत्यभान साहू डिसूजा स्कूल और राउरकेला क्लब में कराटे प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्हें विशेष गर्व है कि उनके परिवार की तीन पीढ़ियां कराटे सीख रही हैं। उनके पुत्र विकास साहू भी ब्लैक बेल्ट धारी हैं और छत्तीसगढ़ प्रदेश शोतोकान कराटे के प्रमुख हैं। उनका मानना है—“कराटे एक दिन में नहीं सीखा जाता, यह जीवनभर की साधना है।”