हॉकी प्रशिक्षक बी जे करियप्पा से साक्षात्कार

हॉकी प्रशिक्षक बी जे करियप्पा से साक्षात्कार

सैनिक से हॉकी प्रशिक्षक बने 59 वर्षीय बी. जे. करियप्पा पिछले चार वर्ष से ओडिशा हॉकी के कोचिंग निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।  वर्ष 2004 में पटियाला स्थित नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) से हॉकी कोचिंग में डिप्लोमा हासिल करने के बाद उन्होंने प्रशिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। भारतीय सेना में कोचिंग की जिम्मेदारी निभाने के बाद वर्ष 2011 से 2022 तक वे भारतीय सीनियर एवं जूनियर पुरुष हॉकी टीमों के कोचिंग दल का हिस्सा रहे। उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने 2013 और 2014 में सुल्तान जोहोर कप, 2016 में अंडर-18 एशिया कप में स्वर्ण पदक जीता। 2018 में अर्जेंटीना में आयोजित यूथ ओलंपिक में रजत पदक हासिल किया। 2022 में भुवनेश्वर में आयोजित जूनियर हॉकी विश्व कप वे भारतीय कोचिंग दल से जुड़े रहे।

करियप्पा ने हॉकी इंडिया लीग में रांची रेज और कलिंगा लांसर्स जैसी टीमों के साथ भी काम किया है। 2025-26 हॉकी इंडिया लीग में वेदांता कलिंगा लांसर्स के सहायक कोच के रूप में उनकी भूमिका रही। टीम ने प्रतियोगिता का खिताब जीतकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में वर्ष 2015 में रांची रेज और 2017 और 2026 कलिंगा लांसर्स के स्वर्ण विजेता दल के साथ सहायक कोच रहे। 2023 में उन्हें डेविड जॉन और शिवेंद्र सिंह के साथ राउरकेला में एफआईएच प्रो लीग मैचों में अंतरिम कोच  रहे। 
हाल ही में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया हॉकी लीग में मेलबर्न कोबराज क्लब के कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।
सितंबर 2022 में वे ओडिशा हॉकी से जुड़े और राज्य में हॉकी के कोचिंग एवं विकास की जिम्मेदारी संभाली। ओडिशा से जुड़ने के बाद करियप्पा राज्य में मौजूद हॉकी प्रतिभाओं को निखारने, प्रशिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने और भविष्य की मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में सक्रिय हैं। राज्य की समृद्ध हॉकी विरासत, आदिवासी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं, उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं, अब तक की सफलताओं और ओडिशा हॉकी के भविष्य को लेकर "दैनिक सारांश" प्रतिनिधि सतीश शर्मा ने उनसे बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश:

प्रश्न : ओडिशा हॉकी से आपका जुड़ाव कैसे हुआ? किसने पहल की?

करियप्पा: ओडिशा हॉकी के साथ मेरा संबंध वर्षों पुराना है। राज्य में अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और खिलाड़ियों के विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में मुझे योगदान देने का अवसर मिला है।

वर्ष 2017 में जब कलिंगा लांसर्स ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का खिताब जीता था, उस समय मैं टीम का सहायक कोच था। इसके बाद हॉकी इंडिया में मैनेजर–हाई परफॉर्मेंस के रूप में कार्य करते हुए मैंने कई हॉकी छात्रावासों और अकादमियों का दौरा किया। इनमें भुवनेश्वर स्थित साई हॉस्टल, सुंदरगढ़ और राउरकेला के खेल छात्रावास तथा सेल हॉकी अकादमी शामिल हैं।
वर्ष 2021 में भुवनेश्वर में आयोजित जूनियर विश्व कप के दौरान भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच के रूप में भी काम किया। वर्ष 2022 में ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा निदेशालय (डीएसवाईएस) के तत्कालीन निदेशक–हाई परफॉर्मेंस डेविड जॉन ने मुझसे संपर्क कर यंहा आने का प्रस्ताव दिया। 

प्रश्न : ओडिशा हॉकी के बारे में पहले आपकी क्या धारणा थी और यहां काम करने के बाद उसमें क्या बदलाव आया?

करियप्पा: ओडिशा की समृद्ध हॉकी संस्कृति के प्रति मेरी धारणा हमेशा सकारात्मक रही है। वर्ष 2012 में जूनियर विश्व कप की तैयारियों फिर सुल्तान जोहोर कप के दौरान ओडिशा खिलाड़ियों से परिचित होने का अवसर मिला। मेरा मुख्य उद्देश्य कोचिंग के स्तर को बेहतर बनाना और प्रशिक्षण व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर की अपेक्षाओं के अनुरूप विकसित करना रहा है।
वर्तमान में ओडिशा के 32 खिलाड़ी भारतीय टीमों के विभिन्न कोर ग्रुप में शामिल हैं। इनमें सीनियर पुरुष वर्ग में पांच, जूनियर पुरुष में 10, सब-जूनियर पुरुष में तीन, सीनियर महिला में दो, जूनियर महिला में सात और सब-जूनियर महिला वर्ग में पांच खिलाड़ी हैं। यह निश्चित रूप से उत्साहजनक उपलब्धि है, लेकिन मेरा मानना है कि ओडिशा में इससे कहीं अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय टीमों तक पहुंचने की क्षमता रखते हैं।

प्रश्न : ओडिशा में हॉकी इंफ्रास्ट्रक्चर को आप किस स्तर का मानते हैं? क्या इसमें और विकास की जरूरत है?

करियप्पा: हॉकी के क्षेत्र में ओडिशा का खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विश्वस्तरीय है। यहां उपलब्ध सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं। एबीटीपी स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, उत्कृष्ट हॉकी मैदान, आधुनिक जिम्नेजियम और हाई परफॉर्मेंस प्रशिक्षण सुविधाएं खिलाड़ियों के विकास के लिए आदर्श वातावरण प्रदान करती हैं। इन सुविधाओं का नियमित रखरखाव और समय-समय पर आधुनिकीकरण भी उतना ही आवश्यक है। खिलाड़ियों को खेल किट, प्रशिक्षण उपकरण और अन्य जरूरी सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने की भी गुंजाइश है। इसके अलावा, खिलाड़ियों के शारीरिक विकास और बेहतर प्रदर्शन के लिए पौष्टिक आहार की समुचित व्यवस्था पर भी ध्यान देना जरूरी है।

प्रश्न : देश के अन्य हिस्सों के खिलाड़ियों की तुलना में ओडिशा के आदिवासी खिलाड़ियों का  आप किस तरह आंकते हैं? 

करियप्पा: ओडिशा के खिलाड़ी स्वाभाविक रूप से बेहद प्रतिभाशाली हैं। उनकी फुर्ती, दमशक्ति, लचीलापन और खेल को सहज रूप से समझने की क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत है। लेकिन उच्च स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए
 प्रतिभा के साथ पेशेवर मार्गदर्शन और वैज्ञानिक प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। इन खिलाड़ियों को सही प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर मिलें, तो वे  दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं । राष्ट्रीय स्तर पर ओड़िशा दल  सफलताएं अर्जित कर रहा है। वर्ष 2022 में ओड़िशा ने मलेशिया में मिमावान कप, 2024 और 2025 के खेलो इंडिया यूथ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के साथ राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीत रहा है।  
देश के विभिन राज्य और संगठन यंहा के खिलाडियों को नौकरी देकर अपने दल में शामिल कर रहे हैं। 2025 से ही अबतक 17 पुरूष और 14 महिला खिलाड़ियों को 
देश के विभिन संस्थाओं में हॉकी की बदौलत नौकरी मिल चुकी है।

प्रश्न : ओडिशा में हॉकी को और मजबूत बनाने  के लिए आप क्या सुझाव देंगे?

करियप्पा: कम उम्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें शुरू से हॉकी की सही तकनीक, बुनियादी कौशल सिखाया जाना चाहिए। जमीनी स्तर के प्रशिक्षकों की अहम भूमिका को देखते हुए 
उनके तकनीकी दक्षता को बढ़ाने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। जमीनी स्तर की कोचिंग व्यवस्था मजबूत होने से ओडिशा का संपूर्ण हॉकी ढांचा मजबूत बनेगा। ओडिशा के पास प्रतिभा भी है और विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं भी। अब आवश्यकता ऐसी टिकाऊ और व्यवस्थित खेल प्रणाली विकसित करने की है, जो इस क्षमता को निरंतर सफलता में बदल सके।