राउरकेला में पहली बार भारतीय फुटबॉल लीग का आयोजन

राउरकेला में पहली बार भारतीय फुटबॉल लीग का आयोजन

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

राउरकेला: इस्पात नगरी राउरकेला विश्व स्तरीय हॉकी मैचों की मेजबानी कर खेल जगत में अपनी अलग पहचान बना चुका है। हॉकी के बाद अब  फुटबॉल की बारी है। राउरकेला पहली बार  इंडियन फुटबॉल लीग मैचों की मेजबानी करने जा रहा है। इसे लेकर बुधवार (4 नवंबर) को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। भारतीय फुटबॉल लीग (आईएफएल) में ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर रही समलेश्वरी स्पोर्टिंग चेयरमैन संबलपुर के विधायक जयनारायण मिश्र,मुख्य कोच अब्दुल अजीम सिद्दीकी,  मो जब्बार और मिडफील्डर कियाम अमरजीत सिंह ने लीग और अपने दल के बारे में सूचनाएं दी। जयनारायण मिश्र ने बताया कि समलेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब ने लीग मैचों के राउरकेला को अपने घरेलू मैदान के रूप में अपनाया है। यंहा संबलपुर के मुकाबले बहुत अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस लीग में समलेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब ओड़िशा की एकमात्र टीम है।  मुख्य कोच अब्दुल अजीम सिद्दीकी ने टीम की तैयारियों, रणनीति और घरेलू मैदान पर स्थानीय दर्शकों के सामने खेलने के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि टीम में ओडिशा के 10 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें पांच संबलपुर के हैं। इसके अलावा पांच विदेशी खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि टीम में 14 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो भारतीय राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इतनी प्रतिभाशाली टीम का मार्गदर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

वहीं, मिडफील्डर अमरजीत सिंह कियाम ने राउरकेला के फुटबॉल प्रेमियों के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दर्शकों की मौजूदगी और उत्साह खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा तथा टीम को मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने और सकारात्मक परिणाम हासिल करने की प्रेरणा देगा।
इंडियन फुटबॉल लीग के मैच 5 नवंबर से बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में शुरू हो रहे हैं। राउरकेला में 1980 में संतोष ट्रॉफी मैच के आयोजन के बाद आयोजित होने वाली सबसे बड़ी फुटबॉल प्रतियोगिता है। इस लीग में देश के कुल ग्यारह चुनिंदा क्लब भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम लीग चरण के दौरान 20 मैच खेलेगी। सत्र का समापन 20 मार्च 2027 को होगा। 
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों में एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड, गोकुलम केरल एफसी, राजस्थान यूनाइटेड एफसी, रियल कश्मीर एफसी, श्रीनिधि डेक्कन एफसी, मोहम्मडन एससी, शिलांग लाजोंग एफसी, डेम्पो एससी, चनमारी एफसी, नागालैंड यूनाइटेड एससी और समलेश्वरी एससी शामिल हैं। समलेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब की टीम गुरुवार, 5 नवंबर को डेम्पो एससी, गोआ के खिलाफ मैदान में उतरेगी।  मैच के लिए दो दर की टिकट - 50 रुपये और दो सौ रुपये- रखे गए हैं।  आयोजकों ने उम्मीद व्यक्त की है कि मैच देखने के लिए भारी संख्या में दर्शक आएंगे।