लाइंग में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन

लाइंग में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर ब्लॉक अंतर्गत लाइंग गांव स्थित मां माहेश्वरी भवन में शुक्रवार को श्रीमद्भागवत पाठ एवं प्रवचन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सात दिवसीय इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रवचन देने के लिए अयोध्या स्थित श्री सत्यम पीठ से जुड़े प्रसिद्ध भागवत प्रवचनकर्ता महंत नरहरि दास जी महाराज पहुंचे हैं।

महंत नरहरि दास जी महाराज श्रीमद्भागवत कथा एवं धार्मिक प्रवचनों के माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, वैष्णव भक्ति धारा तथा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के बारे में श्रद्धालुओं को जानकारी देते हैं। उनके प्रवचनों में भक्ति, धर्म, त्याग, समर्पण और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास के महत्व पर विशेष जोर दिया जाता है।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर कलश यात्रा निकाली गई। इसमें 250 से अधिक महिलाओं ने बिलियागढ़ छटघाट से जल संग्रह कर मां माहेश्वरी भवन तक यात्रा की। इसके बाद विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई और अपराह्न में भागवत प्रवचन शुरू हुआ।
पहले दिन बड़ी संख्या में भागवत प्रेमियों ने उपस्थित होकर प्रवचन का श्रवण किया। कार्यक्रम के आयोजन से पूरे लाइंग क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक परशुराम साहू एवं कमला साहू के अनुसार, यह धार्मिक आयोजन 30 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन भागवत प्रवचन सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रवचन के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद सेवन की व्यवस्था भी की गई है।