रंगबिरंगा प्रस्तुती के साथ संपन्न हुआ झरझरा महोत्सव
सुंदरगढ़ जिला के राजगांगपुर में सोमवार की साध्या फुटबॉल मैदान में ओडिशा के सुप्रसिद्ध राजगांगपुर महोत्सव झराझरा का संगीतमय प्रस्तुतियों, नृत्य-गीत, कॉमेडी किंग एहसान कुरैशी की शानदार प्रस्तुतियों और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच धूमधाम से समापन हुआ।
महोत्सव के समापन समारोह में 20,000 से अधिक दर्शक मौजूद रहे, जो कलाकारों के बेहतरीन प्रदर्शन का आनंद लेते नजर आए।इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय शामिल हुए। आयोजको द्वारा सभी अतिथियों को फूलो का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रभु जगन्नाथ की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। झराझरा कमेटी के सचिव अशोक दास ने अतिथियों का परिचय करवाते हुए महोत्सव के 15 वर्षों के सफल आयोजन की जानकारी दी। कमेटी के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने दर्शकों, अतिथियों और आयोजन में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
मुख्य अतिथि दिलीप राय ने अपने संबोधन में झराझरा महोत्सव को एकता का प्रतीक बताते हुए कमेटी के प्रयासों की सराहना की। अन्य अतिथियों ने भी महोत्सव को संस्कृति और सभ्यता का परिचायक बताते हुए इसकी सफलता के लिए आयोजकों को बधाई दी। इस अवसर पर झराझरा महोत्सव 2024 की पत्रिका का विमोचन भी किया गया इसी के साथ ऐतिहासिक महोत्सव झरझरा का गर्मजोशी से सम्मान किया गया।





