पुलिस की मौजुदगी में जेबकतरों का तांडव
बस्ती: पुलिस की मौजूदगी में जेबकतरों का तांडव, सामूहिक विवाह समारोह में आला अधिकारी समेत कई लोगों की जेब साफ संदीप शर्मा (संवाददाता) बस्ती (छावनी): जिले के ऐतिहासिक रामरेखा मंदिर परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के भव्य समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद जेबकतरों ने जमकर उत्पात मचाया। भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए शातिरों ने कई लोगों की जेबें साफ कर दीं और एक महिला के कान से सोने का आभूषण तक पार कर दिया। हैरानी की बात यह है कि बेखौफ बदमाशों ने जिले के एक बड़े अधिकारी को भी अपना निशाना बना लिया। समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए छावनी थाने की पुलिस और जिम्मेदार अधिकारी मौके पर तैनात थे। इसके बावजूद जेबकतरे पूरी तरह बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आयोजकों द्वारा मंच से लगातार माइक के जरिए लोगों को जेबकतरों से सावधान रहने की चेतावनी दी जाती रही, लेकिन जब तक लोग सतर्क होते, तब तक कई लोग अपनी नकदी और कीमती सामान गंवा चुके थे। जेबों में हाथ डालने पर जब लोगों को चोरी का अहसास हुआ, तो उनके होश उड़ गए। जिले के आला अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी वाले सरकारी कार्यक्रम में हुई इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब पुलिस की नाक के नीचे और बड़े अधिकारियों की मौजूदगी में ही जेबकतरे इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर खुलेआम चुनौती दे सकते हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का जिम्मा कौन संभालेगा? क्षेत्र में चर्चा है कि क्या छावनी पुलिस की मौजूदगी के बावजूद शातिरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन पर खाकी का खौफ पूरी तरह बेअसर साबित हो रहा है।





