जुनियर पुरूष हाॅकी में राष्ट्रीय चैंपियन बना ओडिशा

जुनियर पुरूष हाॅकी में राष्ट्रीय चैंपियन बना ओडिशा

सतीश शर्मा (उप संपादक)  राउरकेला 8 अगस्त

ओडिशा की हॉकी प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी क्षमता का शानदार परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा दिया। हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने रोमांचक फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से पराजित कर 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2026 (डिवीजन ‘ए’) का खिताब जीत लिया।

शनिवार (8 अगस्त) को कोयंबटूर (तमिलनाडु ) में खेले गए फाइनल में ओडिशा ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। मैच के दूसरे ही मिनट में मंदीप केरकेट्टा ने गोल दागकर ओडिशा को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती बढ़त के बाद मध्य प्रदेश ने वापसी के लिए लगातार दबाव बनाया, लेकिन ओडिशा के रक्षकों ने शानदार संयम और दृढ़ता का परिचय देते हुए उसके हमलों को बेअसर किया। मुकाबला जैसे-जैसे आगे बढ़ा, दोनों टीमों के बीच मध्य मैदान पर नियंत्रण हासिल करने के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मध्य प्रदेश ने कई अच्छे अवसर बनाए और आखिरकार 37वें मिनट में सोहिल अली ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। बराबरी के बाद मुकाबला और भी रोमांचक हो गया। निर्णायक क्षण 45वें मिनट में आया, जब ओडिशा के कप्तान दीपक प्रधान ने शानदार गोल कर अपनी टीम को एक बार फिर 2-1 की बढ़त दिला दी। अंतिम क्वार्टर में मध्य प्रदेश ने बराबरी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। उसके खिलाड़ियों ने ओडिशा के सर्किल में लगातार दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन ओडिशा की रक्षापंक्ति ने शानदार अनुशासन और संयम के साथ मुकाबला किया। अंतिम सीटी बजने तक ओडिशा ने अपनी 2-1 की बढ़त कायम रखी और खिताब पर कब्जा कर लिया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ओड़िशा ने पांचवीं बार स्वर्ण पदक जीता है।

पंजाब को कांस्य

तीसरे स्थान के मुकाबले में हॉकी पंजाब ने आक्रामक हॉकी का शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी झारखंड को 6-3 से हराया और कांस्य पदक अपने नाम किया।ॉ