कलाकारों की एकता और संस्कृति के संरक्षण के लिए बड़गांव में बजा महोत्सव का बिगुल

कलाकारों की एकता और संस्कृति के संरक्षण के लिए बड़गांव में बजा महोत्सव का बिगुल
कलाकारों की एकता और संस्कृति के संरक्षण के लिए बड़गांव में बजा महोत्सव का बिगुल
15 फरवरी 2027 से तीन दिवसीय जिला स्तरीय कलाकार महोत्सव; एक मंच पर जुटेंगी सुंदरगढ़ जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाएं

बड़गांव, 23 नवंबर: पश्चिम ओडिशा की भाषा, साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण तथा स्थानीय कलाकारों को एक नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से सुंदरगढ़ जिले के बड़गांव में 'जिला स्तरीय कलाकार महोत्सव-2027' का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सोमवार को बड़गांव स्थित डाकबंगला में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक संपन्न हुई। सुंदरगढ़ भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, संबलपुरी कला संस्कृति संस्थान और सुंदरगढ़ जिला भागवत टुंगी सुरक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस बैठक में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों, सांस्कृतिक कर्मियों और संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के सुंदरगढ़ जिला संयोजक रमेश सुना, राउरकेला संयोजक पद्मचरण आचार्य, संबलपुरी कला संस्कृति संस्थान के अध्यक्ष टोनिस रोहिदास, सचिव दुष्यंत भोई, जीताराणी पाणिग्राही तथा तलसरा विधायक के प्रतिनिधि बावली करसेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सुबदेगा, बिसरा, कुत्रा, सुंदरगढ़ और बड़गांव सहित विभिन्न ब्लॉकों से पबिसा तंती, सदानंद छत्रिया, इंद्रमति दानसना, सत्यभामा महतो, किरन महतो, चंपावती महतो, पद्मावती महतो, माटिया महतो, मीना महतो, पुष्पा महतो, अनु हरिपाल, हेमकांती सा, बैजयंती बरिहा, उद्धव पटेल, टंकधर कालो और संजीव कुमार भित्रिया सहित बड़ी संख्या में कलाकार मौजूद थे।

बैठक में विस्तृत चर्चा और सभी की सहमति के बाद आगामी 15, 16 और 17 फरवरी 2027 को बड़गांव में तीन दिवसीय जिला स्तरीय कलाकार महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक औपचारिक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि जिले के ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें मुख्यधारा में लाने का एक सार्थक प्रयास होगा। महोत्सव में लोकनृत्य, लोकसंगीत, पारंपरिक कला, साहित्य और सांस्कृतिक धरोहरों को विशेष महत्व देते हुए कलाकारों को यथोचित सम्मान प्रदान किया जाएगा।

उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कलाकारों ने एक स्वर में कहा कि हमारी भाषा, साहित्य, कला, संस्कृति और परंपराएं ही हमारी असली पहचान हैं। इन्हें भावी पीढ़ी के लिए सुरक्षित रखना और कलाकारों को उचित सम्मान व अवसर दिलाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। सुंदरगढ़ जिले के सभी कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं को एक मंच पर लाने की यह पहल जिले के सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगी।
इस अवसर पर कलाकारों ने एक लिखित मांगपत्र भी सौंपा, जिसमें सुंदरगढ़ जिले में होने वाले 'जतरा महोत्सव' में जिले के सभी 17 ब्लॉकों से 10-10 कलाकार दलों को कार्यक्रम प्रस्तुत करने का अवसर देने की मांग की गई। साथ ही, जो कलाकार अब तक अपना पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) नहीं करा पाए हैं, उन्हें पुनः पंजीकरण का मौका देने और सरकारी कार्यक्रमों में सभी स्थानीय कलाकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।