अंतर्राज्यीय आभुषण चोर गिरोह का पर्दाफाश

'झीरपानी आभूषण दुकान चोरी मामले में राउरकेला पुलिस को बड़ी सफलता, झारखंड से एक आरोपी गिरफ्तार'

राउरकेला के झीरपानी थाना क्षेत्र में 25 और 26 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात हुई सनसनीखेज चोरी की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। 26 फरवरी को दुकानदार प्रदीप कुमार लेंका ने झीरपानी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने गैस कटर से उनकी 'मां तारिणी ज्वेलरी शॉप' की दीवार काटकर भीतर प्रवेश किया और करीब 500 ग्राम सोने तथा 15 किलोग्राम चांदी के आभूषण चुरा ले गए। इस संबंध में झीरपानी थाने में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(a) के तहत केस नंबर 36/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच के बाद पुलिस ने इस वारदात में शामिल 7 आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद अजहर अली को राधानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के दो अन्य सदस्य—झारखंड के साहिबगंज निवासी सैदुल शेख उर्फ सैयद इस्लाम (31) को मुंबई पुलिस ने और पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी रबी मंडल उर्फ उज्ज्वल मंडल को बिहार की अररिया पुलिस ने इसी तरह के चोरी के मामलों में गिरफ्तार किया है। राउरकेला पुलिस अब दोनों को इस मामले में रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अजहर अली के पास से पुलिस ने 1 जोड़ी सोने की बाली, 2 सोने की अंगूठियां, 1 लॉकेट, 3 जोड़ी चांदी की पायल, 4 चांदी की अंगूठियां, 3 चांदी की चेन, 1 चांदी का ब्रेसलेट और 1 मोबाइल फोन बरामद किया है। इससे पहले घटनास्थल से पुलिस को एक ऑक्सीजन गैस सिलेंडर (जिसका सीरियल नंबर मिटा हुआ था और उस पर 'CMOH, मालदा' लिखा था), दो लोहे के सब्बल, प्लास, रिंच, गैस कटिंग ब्लो पाइप और दो बैग मिले थे।

जांच में खुलासा हुआ है कि यह एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह है, जो मध्य प्रदेश के कटनी, महाराष्ट्र के तलोदा (केस नं. 328/2026) और बिहार के अररिया (केस नं. 568/2026) सहित कई राज्यों में आभूषण दुकानों को निशाना बना चुका है। फिलहाल पुलिस अन्य राज्यों के थानों से संपर्क कर इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।