अवैध हथियारों के साथ कुख्यात अपराधी बीट्टू तांति और उसके साथी गिरफ्तार

अवैध हथियारों के साथ कुख्यात अपराधी बीट्टू तांति और उसके साथी गिरफ्तार

राउरकेला पुलिस जिला अंतर्गत आनेवाले बंडामुंडा थाना द्वारा गुप्त सूत्रों की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आज एक सक्रिय डकैत गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह का नेतृत्व कुख्यात अपराधी बिट्टू तांती कर रहा था।इस गिरोह में अंशु कुमार, वाई. कृष्णा, बाबू उर्फ अजय पटनायक, बिबेक मोदक और अंतु मुखी शामिल थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है । ये सभी आरोपी प्रेम नगर के समीप एक खेत में डकैती करने की तैयारी में जुटे थे, तभी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यहाँ छापा मारा और सभी को अवैध हथियारों सहित रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया ।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से चार देशी पिस्तौल, एक देशी रिवॉल्वर, 7 दशमलव 65 एम एम की 15 जिंदा कारतूस , दो लोहे की तलवारें, एक लोहे की रॉड, एक क्रोबार, एक टॉर्च, पांच मोबाइल फोन, और छह बीयर की खाली बोतलें बरामद कीं। इन सभी वस्तुओं को आरोपी अपने पास अवैध रूप से रखे हुए थे और डकैती की साजिश रच रहे थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि बेहद खतरनाक है। गिरोह का सरगना बिट्टू तांती 34 से अधिक मामलों में वांछित है, जिनमें चोरी, डकैती, हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट और महिलाओं के विरुद्ध अपराध शामिल हैं। वहीं अंशु कुमार एनडीपीएस एक्ट, अजय पटनायक हत्या के प्रयास और सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम, और अंतु मुखी उड़ीसा उत्पाद अधिनियम के तहत पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह झारखंड और बिहार से अवैध हथियार लाकर बण्डामुण्डा और राउरकेला के विभिन्न अंचलों में बेचा करता था। यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय है और शहर में दहशत फैलाने के इरादे से हथियारों की आपूर्ति कर रहा था।
इस अभियान में बंडामुंडा थाना की टीम की भूमिका सराहनीय रही। छापामारी कार्रवाई का नेतृत्व बण्डामुण्डा थाना प्रभारी श्रीकांत खमारी ने किया। इस छापामारी टीम में उप निरीक्षक मनोज बारा, सिद्धार्थ प्रधान, अर्जुन सेठी,सहायक उपनिरीक्षक रत्नाकर मुंडा, संजिता सामल, सरोज पुहान सहित अन्य पुलिसकर्मीयों ने मुस्तैदी से भाग लिया।
इस संबंध में आज बण्डामुण्डा थाना कांड संख्या 125/02.06.2025 को धारा 310(4)/310(5) भारतीय न्याय संहिता एवं शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-बी)(बी)/25(8) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।यह कार्रवाई न केवल राउरकेला पुलिस की सजगता और दक्षता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि अवैध हथियारों और संगठित अपराध के विरुद्ध पुलिस पूरी मुस्तैदी से तत्पर है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।