युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मौत का कारण स्पष्ट नहीं
राजगांगपुर, 19/11/26 : राजगांगपुर स्थित लिपलोई किसान पाड़ा में एक युवक ने घर में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से नेपाल निवासी भरत गुरुम बहादुर पिछले करीब 50 वर्षों से यहां रहकर विभिन्न स्थानों पर काम कर अपना जीवनयापन कर रहे हैं। बीते रात उनके 20 वर्षीय बेटे जीवन गुरुम ने पिता के लिए रोटी-सब्जी बनाई, जिसके बाद भरत अपने काम पर चले गए। सुबह करीब 6 बजे ड्यूटी खत्म कर जब भरत घर लौटे और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उन्होंने मजबूरन घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा और अंदर गए। अंदर उन्होंने देखा कि जीवन ने पंखे के सहारे रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि, घर के पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विजयी कुमार दाश और एएसआई सुशान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और अपमृत्यु का मामला दर्ज किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजगांगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।