राउरकेला: पानपोष सर्किट हाउस हथियार जब्ती और साजिश मामले में मुख्य आरोपी प्रकाश पासवान की जमानत खारिज
राउरकेला: शहर के बहुचर्चित पानपोष सर्किट हाउस हथियार बरामदगी और आपराधिक साजिश के मामले में राउरकेला के द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (2nd Additional Sessions Judge) रंजीता ज्योतिषी की अदालत ने मुख्य आरोपी प्रकाश पासवान (34) की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।
अदालत के आदेश के अनुसार, गोपबंधुपल्ली (प्लांटसाइट थाना क्षेत्र) निवासी प्रकाश पासवान पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(6)/25(7)(i)/29(a) के तहत गंभीर आरोप हैं। इस मामले की शुरुआत 15 अगस्त 2026 को हुई थी, जब रघुनाथपाली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पानपोष स्थित सर्किट हाउस के कमरा नंबर 107 में छापेमारी की थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कमरे से अवैध देशी पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए थे।
पुलिस जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि जिस कमरे से ये अवैध हथियार मिले, वह मुख्य आरोपी प्रकाश पासवान के नाम पर ही बुक किया गया था। पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की घेराबंदी के बीच 27 अगस्त 2026 को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने उसे बरुआबी रेलवे स्टेशन से धर दबोचा।
अदालती दस्तावेजों से यह भी सामने आया है कि आरोपी प्रकाश पासवान और उसके सहयोगियों ने राज्य के उच्च अधिकारियों और वीआईपी मेहमानों के ठहरने वाले अति-संवेदनशील 'सर्किट हाउस' को अपनी सुरक्षित पनाहगाह बनाया था। यहीं ठहरकर वे अभिषेक ढल नामक व्यक्ति की हत्या करने और शहर में रंगदारी वसूलने की बड़ी साजिश रच रहे थे।
सुनवाई के दौरान यह तथ्य भी अदालत के समक्ष रखा गया कि आरोपी प्रकाश पासवान एक आदतन अपराधी है। उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास जैसे संगीन जुर्मों सहित कुल 17 आपराधिक मामले पहले से लंबित हैं।
दोनों पक्षों (आरोपी की ओर से अधिवक्ता स्वराज पटेल व सहयोगी, तथा राज्य सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक एस.पी. शर्मा व के.सी. प्रधान) की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने मामले की गंभीरता पर कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि अपराधियों ने सरकारी और अति-संवेदनशील सर्किट हाउस जैसे परिसर को अपनी आपराधिक गतिविधियों का अड्डा बना लिया था। अपराध की संगीन प्रकृति, साजिश में आरोपी की सक्रिय भूमिका और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए अदालत ने 3 नवंबर 2026 को उसकी जमानत अर्जी नामंजूर कर दी।