तीन दिन से बंद था घर अंदर मिला युवक का शव हत्या या हादसा

राउरकेला में बंद घर से मिला बिहार के युवक का संदिग्ध शव, हत्या की आशंका
राउरकेला: ओडिशा के राउरकेला शहर स्थित ब्राह्मणी तरंग थाना क्षेत्र के बेलडिही इलाके में एक बंद घर से युवक का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान मूल रूप से बिहार निवासी उपेंद्र कुमार राम के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही ब्राह्मणी तरंग पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने साइंटिफिक टीम (फॉरेंसिक) और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शुरुआती जांच में युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं और घर का मुख्य गेट भी खुला मिला है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या की गई है। हालांकि, घर के भीतर किन हालात में उसकी मौत हुई, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है।