अयोध्या में संपन्न होगा सहकार भारती का प्रदेश अधिवेशन
धरमेंद्र कुमार सिंह (संवाददाता)
अयोध्याधाम में 14 व15 सितंबर को संपन्न होगा सहकार भारती का प्रदेश अधिवेशन। उत्तर प्रदेश सहकार भारती का 5 वां प्रदेश अधिवेशन अयोध्या के बड़ाभक्त मॉल की छावनी श्री अयोध्या धाम में आयोजित किया जा रहा है। जिसके संबंध में सहकार भारती द्वारा आज अधिवेशन स्थल पर प्रेस वार्ता आयोजित किया गया।
रामनगरी अयोध्या में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री डा. उदय जोशी ने कहा कि सहकार भारती का एकमात्र उद्देश्य समाज कल्याण ही है। हम सहकारीजन भारत माता के वैभव के लिए सहकारिता की साधना करते हैं। धर्म और प्रेम के ध्येय को लेकर सहकार भारती समाज में अपना कार्य संपादित करती है। उन्होंने कहा कि सहकार भारती सहकारिता के क्षेत्र में राष्ट्र व्यापी संगठन हो चुका है। वर्तमान समय में सहकारिता ही एक ऐसा मॉडल है जो भारत को सर्वश्रेष्ठ बना सकता है,अगर हम भारत को श्रेष्ठ बनाना चाहते हैं तो तेरा, मेरा इससे ऊपर उठकर हम की भावना से कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने जानकारी दी सहकार भारती यूपी के दो दिवसीय प्रदेश अधिवेशन का शुभारंभ 14 सितंबर को सुबह 10.30 बजे प्रदेश के सहकारिता मंत्री जीपीएस राठौर जी ,इफको के प्रबंध निदेशक श्री उदयशंकर अवस्थी व अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में होगा। इस दो दिवसीय अधिवेशन में विभिन्न सत्रों के माध्यम से संगठनात्मक चर्चा होगी और प्रदेश अध्यक्ष,महामंत्री व प्रदेश कार्यकारिणी का निर्वाचन होगा।
प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से प्रदेश संगठन प्रमुख डॉ अरुण सिंह, प्रदेश मंत्री कृष्ण कुमार ओझा, अरविंद दुबे ,प्रदेश संपर्क प्रमुख अशोक शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह व प्रदेश मीडिया प्रभारी विवेक कुमार राय उपस्थित रहे।





