5 लाख से अधिक मुल्य के अवैध पटाखे जब्त दो व्यापारी गिरफ्तार
दिवाली से पहले अवैध आतिशबाजी के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन! राजगांगपुर में गोदामों पर छापेमारी, ₹5 लाख से अधिक के पटाखे जब्त
राजगांगपुर (उड़ीसा): आगामी दिवाली त्योहार को देखते हुए मुनाफाखोरी और गैर-कानूनी ढंग से पटाखों का भंडारण करने वाले व्यापारियों के खिलाफ राजगांगपुर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने शहर के दो अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य का अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि त्योहार पर ज्यादा मुनाफा कमाने के उद्देश्य से कुछ स्थानीय व्यापारी बिना लाइसेंस और नियमों की अनदेखी कर भारी मात्रा में पटाखे जमा कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही स्थानीय एस.डी.पी.ओ. (S.D.P.O.) विभूति भूषण भोई के नेतृत्व में पुलिस बल का गठन किया गया और चिन्हित ठिकानों पर अचानक दबिश दी गई। पुलिस की विशेष टीम ने शहर के तलाकीपाड़ा और रानीबंद स्थित दो गोदामों में एक साथ रेड मारी। तलाशी के दौरान गोदामों से विभिन्न प्रकार के और अत्यधिक विस्फोटक क्षमता वाले पटाखों से भरे 39 बड़े बैग बरामद किए गए। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों गोदाम मालिकों को हिरासत में ले लिया है। उनके पास पटाखों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं पाया गया। पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पटाखों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस सफल कार्रवाई में एस.डी.पी.ओ. विभूति भूषण भोई के साथ सब-इंस्पेक्टर (S.I.) राजेश कुमार सेठी, मिली स्वैन, अरुण कुमार बेहरा और राजगांगपुर थाना के अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।





