सीतापुर में नाबालिग किशोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, एक महीने पहले हुआ था प्रताड़ना का शिकार
अंबिकापुर / सीतापुर: अंबिकापुर के सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत महामाया वार्ड, कटनईपारा में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक नाबालिग किशोर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर से लगभग एक महीने पहले तीन युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया था। आरोप है कि उन युवकों ने मारपीट के बाद नाबालिग के कपड़े उतरवाकर अश्लील हरकतें की थीं और इसका वीडियो बना लिया था। इसके बाद आरोपी युवकों द्वारा वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई थी।
इस गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेज दिया था।
नाबालिग के अचानक इस तरह आत्महत्या कर लेने से उसके परिजन गहरे सदमे और शोक में हैं। घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अत्यंत दुखद कदम के पीछे क्या कोई पुरानी मानसिक प्रताड़ना या अन्य कोई तात्कालिक कारण जिम्मेदार है।