14 हाथियों का दल राउरकेला शहर की ओर बढ़ा वन विभाग अलर्ट
राउरकेला : शहर के समीप झिरपानी पुल के इस पार 14 हाथियों का एक दल देखे जाने से इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झुंड में नर हाथी, मादा हाथी और बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल झिरपानी पुल पार कर राउरकेला शहर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा था।
हालांकि वन विभाग की मुस्तैदी और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को शहरी इलाके में प्रवेश नहीं करने दिया गया। हाथियों को नदी के उस पार रोकने के लिए वनकर्मियों द्वारा पटाखे जलाकर उन्हें वापस जंगल की दिशा में खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
वन विभाग की यह कवायद देर रात तक जारी रहने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक हाथियों के दल को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर नहीं भेज दिया जाता, तब तक वन विभाग की टीम मौके पर तैनात रहेगी।
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के लोगों से सतर्क रहने और रात में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।





