हत्याकांड़ के आरोपी ने की आत्महत्या

हत्याकांड़ के आरोपी ने की आत्महत्या

काजल मसंद हत्याकांड के सह आरोपी मित्रभानू के शव को आज एक सहजन के पेड़पर झूलता पाया गया। प्राप्त सूचना के अनुसार मित्रभानू ने अज्ञात कारण से सहजन के पेड़ पर फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। 

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बोईरदादर डीपापरा निवासी मित्रभानू नामक एक 18 वर्षीय युवक ने फुलवारी दीपापारा कृष्णवाटिका के पीछे मंगलवार - बुधवार की मध्य रात्रि 12 बजे के आसपास अज्ञात कारणों से एक सहजन के पेड़पर फंदा डालकर अपना जीवन समाप्त कर लिया।  

बतया जा रहा है कि मृतक बहुचर्चित स्वस्तिक विहार हत्याकांड कु. काजल मसंद मामले में सह आरोपी था। जो 7 माह पहले ही जमानत पर कारागार से बाहर आया था। वह जब जब न्यायालय में पेशी के लिए जाता था तब तब वह अत्यधिक दबाव में रहता था। 

परिजनो के बताए मुताबिक इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली है। मृतक के परिजनों को इस घटना की जानकारी सुबह मिली। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सहजन के पेड़ में झूलती हुई युवक के शव को नीचे उतार कर पंचनामा की कार्यवाही के बाद शव परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक की मां ने समाज विशेष के लोगों पर यह गंभीर आरोप लगाया है कि उसके बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया है।