सकोला में कीचड़युक्त सड़क से ग्रामीण परेशान पंचायत की कार्यशैली पर सवाल
पेंड्रा/सकोला। जनपद पंचायत पेंड्रा अंतर्गत ग्राम पंचायत सकोला में सड़क की दुर्दशा से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की मुख्य सड़क इन दिनों कीचड़ और जलभराव से पूरी तरह खराब हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के बाद सड़क पर चलना दूभर हो गया है। स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को इसी कीचड़ भरे मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। कई दुपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर पंचायत स्तर पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके चलते ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की है।





