महावीर फेरो प्लांट में चालकों की हड़ताल से बढ़ा तनाव 12 घंटे काम कराने का आरोप

महावीर फेरो प्लांट में चालकों की हड़ताल से बढ़ा तनाव, 12 घंटे काम कराने का आरोप।

गुरुवार को महावीर फेरो प्लांट में चालकों की हड़ताल को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बड़ी संख्या में नियोजित चालक गेट नंबर 6 के पास एकत्रित हुए और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।‌चालकों का आरोप है कि निर्धारित 8 घंटे की ड्यूटी के बजाय उनसे करीब 12 घंटे तक काम लिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने उचित मजदूरी और श्रम नियमों के अनुसार निर्धारित कार्य समय लागू करने की मांग की है। इसी दौरान आंदोलन कर रहे चालकों ने एक चालक को कथित रूप से बंधक बनाए जाने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले उक्त चालक को सामने नहीं लाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने उसे तत्काल सामने लाने की मांग की। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चालकों ने आरोप लगाया कि आंदोलन को समाप्त कराने और उन्हें कार्यस्थल से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके बाद मौके पर तनाव और बढ़ गया। चालकों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों और समस्याओं का समाधान नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने पुलिस, प्रशासन और मीडिया से पूरे मामले में सहयोग करने की अपील की है।