बेटे को डाक्टर बनाने के लिए पिता ने बेच दी थी अपनी जमीन और भी लिया था कर्ज

एयर एंबुलेंस क्रैश में डाक्टर बेटे की मौत

बेटे को डाक्टर बनाने के लिए पिता ने बेच दी थी अपनी जमीन और भी लिया था कर्ज

राजेश लोहार (स्ट्रींगर) 

एयर एंबुलेंस हादसा: बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए पिता ने बेच दी थी जमीन, अब घर में पसरा मातम। 
झारखंड में घटित हुई एयर एंबुलेंस हादसे ने एक ऐसी दर्दनाक कहानी अपने पीछे छोडी़ दी है, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गई। बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत मदनपुर थाना क्षेत्र के मैनका गांव निवासी बजरंगी प्रसाद के बेटे डॉ. विकास कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे। बताया जा रहा है कि यह यात्रा उनके लिए अंतिम साबित हुई।

जानकारी के अनुसार, एयर एंबुलेंस से मरीज संजय कुमार के साथ किसी अन्य चिकित्सक को दिल्ली जाना था, लेकिन आखिरी समय में उस डॉक्टर ने जाने से इनकार कर दिया। ऐसे में रांची सदर अस्पताल में तैनात डॉ. विकास कुमार को अचानक इस यात्रा के लिए तैयार किया गया — और किसे पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
डॉ. विकास एक साधारण परिवार से थे। उनके पिता बजरंगी प्रसाद बताते हैं कि बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए उन्होंने अपनी जमीन तक बेच दी थी इसके अलावा उन्हें और भी कर्ज लेना पडा़ था। उनका सिर्फ एक ही सपना था — बेटा डॉक्टर बने।
डॉ. विकास ने ओडिशा के कटक से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। पढ़ाई के दौरान फीस, हॉस्टल और किताबों के लिए परिवार को कई बार पैसों की जुगाड़ करनी पड़ी। पिता भावुक होकर कहते हैं, “लोग मना करते थे इतना कर्ज मत लो, लेकिन मुझे भरोसा था कि मेरा बेटा सब चुका देगा। आज वही बेटा दुनिया छोड़ गया और अपने पीछे सात साल का मासूम बेटा और रोता-बिलखता परिवार छोड़ गया।