छत्तीसगढ़ में 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला
छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा यानी आईपीएस के 24 अधिकारियों के तबादले और नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में आईजी, डीआईजी, पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं। सबसे ज्यादा असर बस्तर संभाग के जिलों में देखने को मिला है। जारी आदेश के अनुसार अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। बालाजी राव सोमावर और प्रशांत कुमार अग्रवाल को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रशांत कुमार ठाकुर, रामकृष्ण साहू, श्वेता राजमणि और राजेश कुकरेजा को उप पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। भावना गुप्ता और रवि कुमार कुर्रे को सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।
जिलों में हुए फेरबदल के तहत चन्द्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर, मयंक गुर्जर को सुकमा, संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, त्रिलोक बंसल को बेमेतरा, जितेन्द्र कुमार यादव को कबीरधाम,चौहान किरण गंगाराम को बलौद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, भावना पाण्डेय को धमतरी तथा हरीश राठौर को कोरिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा धर्मेन्द्र छबई को 8वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, राजनांदगांव का सेनानी नियुक्त किया गया है, जबकि सूरज सिंह परिहार को 4वीं वाहिनी, माना का सेनानी बनाया गया है। राज्य सरकार का कहना है कि यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में किया गया है।इस प्रशासनिक फेरबदल में विशेष रूप से बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित जिलों दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर में नए पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।





