सोती हुई महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाला युवक गिरफ्तार
बिलासपुर: घर में सो रही महिला से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, चकरभाठा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में सुबह-सवेरे घर में घुसकर सो रही महिला से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 4:30 से 5:00 बजे के बीच वह अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान ग्राम सैदा (थाना सकरी) निवासी रमाकांत सूर्यवंशी (30 वर्ष) चुपके से उसके कमरे में घुस आया और बुरी नीयत से उसके शरीर को छूने लगा। अचानक नींद खुलने पर जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई की और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी रमाकांत सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर दें।





