गोली दगने की झूठी खबर पर घिरा अवकाश प्राप्त चिकित्सक
अलंकार होटल के किचन गार्डन पर कथित फायरिंग की खबर निकली झूठी*...... पुलिस की पड़ताल में शिकायतकर्ता के द्वारा स्वयं अपने घर पर अपने हाथ में फायर करने के मिले सबूत, प्राथमीकी दर्ज कराने से पीछे हटा शिकायतकर्ता*.....
सुमित जायसवाल (छत्तीसगढ़ प्रभारी)
रायगढ़: पहली जनवरी 2023 की रात कोतरारोड़ निवासी अवकाशप्राप्त डॉक्टर पी.के. पटेल (65 वर्ष) ने जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी कि उस पर होटल अलंकार किचन गार्डन में न्यू ईयर पार्टी मना रहे किसी युवक द्वारा उनके हाथ पर बंदूक से गोली दागी गई है ।
घटना की सूचना थाना प्रभारी को मिलते ही तत्काल अपने कर्मचारियों के साथ कोतरारोड़ बाईपास के अलंकार होटल पहुंचे । जहां शिकायतकर्ता डॉ पी. के. पटेल की मौजूदगी में पुलिस दल द्वारा होटल में मौजूद लोगों से पूछताछ कर जांच पड़ताल की गई । शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका घर होटल की चारदिवारी से लगा हुआ है। वह पहली जनवरी की रात तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने होटल गया था, इस दौरान किसी ने उस पर गोली दाग दी। जिससे उसके हाथ पर चोट आया है ।

डॉ0 पटेल के बताए घटनास्थल पर किसी भी प्रकार के संघर्ष में गोली चलने अथवा खून(ब्लड) के निशान नहीं मिले। किंतु आहत के हाथ पर चोट का निशान और हाथ पर कार्बन के कण मौजूद थे जिसे लेकर टी.आई. शनिप रात्रे डॉ0 पी.के. पटेल से बारीकी से पूछताछ कर डॉक्टर पटेल के घर जाकर तस्दीक किए । डॉक्टर पटेल के घर कमरे के फर्श पर खून के महीन निशान था तथा दीवार पर गोली (राउंड) के टकराने के निशान पाए गए । पुलिस की जांच पर पाया गया कि डॉक्टर पटेल द्वारा स्वयं अपने हाथ पर सटाकर फायर किया गया है जिस कारण उनके हाथ में फायरिंग से कार्बन के कण हाथ में और गोली के दीवार पर टकराने के निशान मौजूद हैं और घटना अलंकार होटल किचन गार्डन पर ना होकर डॉक्टर पटेल के घर के एक कमरे में घटित हुआ है । कोतवाली पुलिस ने आहत का डॉक्टरी मुआयना करवा कर जांच आगे बढा रही थी कि डॉक्टर पी.के. पटेल द्वारा स्वत: एफआईआर कराने से आनाकानी किए । पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक मीना द्वारा कोतवाली पुलिस को डॉक्टर पी.के. पटेल के पास रखे रिवाल्वर और उसके लायसेंस की जांच करने और एफ.एस.एल. टीम को होटल और डॉक्टर पटेल के घर का बारीकी से निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं साथ ही सायबर सेल और कोतवाली पुलिस की टीम होटल में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं ।





