ओडिशा में प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का फेर बदल

ओडिशा में आईएएस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, देवरंजन बने विकास आयुक्त

ओडिशा में प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का फेर बदल

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

भुवनेश्वर, 2 जनवरी: ओडिशा सरकार ने नए वर्ष की शुरुआत में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां और अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।

अधिसूचना के अनुसार, सत्यब्रत साहू (आईएएस, 1991 बैच), जो अब तक गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, को राजस्व मंडल, कटक का सदस्य नियुक्त किया गया है।
देवरंजन कुमार सिंह (आईएएस, 1993 बैच), अतिरिक्त मुख्य सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, को विकास आयुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव तथा योजना एवं अभिसरण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे विशेष राहत आयुक्त, ओडिशा, प्रबंध निदेशक, ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और अध्यक्ष, ओडिशा वन विकास निगम के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे। उन्हें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का दायित्व भी जारी रखने की अनुमति दी गई है।
हेमंत शर्मा (आईएएस, 1995 बैच), अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग विभाग तथा एमएसएमई विभाग के अतिरिक्त प्रभार के साथ, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त दायित्व भी निभाते रहेंगे।
अन्य नियुक्तियों में, शुभा शर्मा (आईएएस, 1999 बैच), प्रधान सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार बनाए रखेंगी। वहीं भास्कर ज्योति शर्मा (आईएएस, 1999 बैच), प्रधान सचिव, आबकारी विभाग, ओपीटीसीएल के सीएमडी और ओएसबीसी के अध्यक्ष के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे।
राजेश प्रभाकर पाटिल (आईएएस, 2005 बैच), आयुक्त-सह-सचिव, सहकारिता विभाग, ओडिशा राज्य वेयरहाउसिंग निगम के अध्यक्ष, आवास एवं शहरी विकास विभाग के विशेष सचिव, विशेष राहत आयुक्त तथा ओएसडीएमए के प्रबंध निदेशक के रूप में अपने दायित्व निभाते रहेंगे।
जिला स्तर पर, मधुमिता रथ (आईएएस, 2015 बैच), अतिरिक्त सचिव, स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग, को नयागढ़ की जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं अक्षय सुनील अग्रवाल (आईएएस, 2019 बैच) को नयागढ़ से स्थानांतरित कर गजपति जिले का जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी बनाया गया ।