कौशलेश सदन के पूर्व आचार्य की पुण्यतिथि पर संत-महंतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

कौशलेश सदन के पूर्व आचार्य की पुण्यतिथि पर संत-महंतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

धर्मेंद्र कुमार सिंह (रिपोर्टर)  

  मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की नगरी अयोध्या स्थित प्रसिद्ध आचार्य पीठ श्री कौशलेश सदन में रविवार को पूर्व आचार्य जगतगुरु रामानुजाचार्य वेदांत मार्तंड यतींद्र स्वामी श्री राम नारायणाचार्य जी महाराज की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महंत, धर्माचार्य और भक्तगण उपस्थित रहे।
संत-महंतों ने स्वामी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने स्वामी राम नारायणाचार्य जी के जीवन चरित्र, कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सदैव वेदांत और भक्ति परंपरा के प्रचार-प्रसार के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री कौशलेश सदन पीठाधीश्वर जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री वासुदेवाचार्य जी महाराज ने की। इस मौके पर भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महंत, अतिथि एवं भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। स्वामी वासुदेवाचार्य जी ने सभी संतों को अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत सम्मान  किया।
कार्यक्रम में दशरथ महल पीठाधीश्वर स्वामी श्री देवेंद्र प्रसाद आचार्य जी, श्री मणिराम दास जी की छावनी के उत्तराधिकारी महंत श्री कमल नयन दास जी, रसिक पीठाधीश्वर स्वामी श्री जन्मजय शरण जी, जानकी घाट बड़ा स्थान के पीठाधीश्वर स्वामी श्री अवधेश दास जी, हनुमत निवास पीठाधीश्वर स्वामी श्री मिथिलेश नंदनी शरण जी, कथा व्यास डॉ. श्री रामानंद दास जी, डॉ. राघवाचार्य जी, महंत नागा श्री रामलखन दास जी सहित कई प्रमुख संत मौजूद रहे।
भजन गायक मिथिला बिहारी दास जी ने भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में समस्त संत-महंतों एवं भक्तों ने मिलकर प्रसाद ग्रहण किया।