एनआईटी राउरकेला की एशिया रैंकिंग में सुधार

एनआईटी राउरकेला की एशिया रैंकिंग में सुधार

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, राउरकेला ने टाइम्स हायर एजुकेशन एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। 

 एशिया के 36 देशों और क्षेत्रों के 929 विश्वविद्यालयों में कराई गई ताजा  रैंकिंग में राउरकेला संस्थान को 186वां स्थान मिला है जो गत वर्ष की मुकाबले पांच पायदान ऊपर है।  पिछले वर्ष संस्थान  191वीं रैंक पर था। इस बार के रैंक सुधार से संस्थान ने न केवल अपनी स्थिति मजबूत की है, बल्कि यह क्षेत्रीय शैक्षणिक परिदृश्य में उसकी निरंतर प्रगति को भी दर्शाता है।
भारतीय संस्थानों में एनआईटी राउरकेला ने 8वां स्थान प्राप्त किया है और देश के सभी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों  में यह शीर्ष स्थान पर रहा। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष एशिया के शीर्ष 200 संस्थानों में स्थान पाने वाला यह एकमात्र एनआईटी  है।
इस उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने कहा कि यह निरंतर प्रगति संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, प्रभावी शोध और वैश्विक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने डेटा प्रस्तुत करने में जुटी मान्यता एवं रैंकिंग टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह उपलब्धि संस्थान को अपने शैक्षणिक माहौल को और सुदृढ़ करने तथा वैश्विक स्तर पर शोध सहयोग बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी।
एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन 18 प्रदर्शन संकेतकों के आधार पर करती है, जिनमें शिक्षण, अनुसंधान, ज्ञान हस्तांतरण और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।