सड़क दुर्घटना में दो की मौत तीसरा गंभीर रूप से घायल
कोरबा: जिला मुख्यालय से लगभग 60 किमी दूर लेमरू थाना क्षेत्र के कनसरा देवपहरी के पास सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो दोस्तों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि देर शाम तीनों मोटरसाइकिल में सवार होकर देवपहरी से अपने गृहग्राम की ओर जा रहे थे। इस दौरान यह दुर्घटना घटित हुआ।
मृतक 20 वर्षीय अमृत गोंड और 19 वर्षीय राजेश गोंड बंजारीडांड के रहने वाले थे। वहीं भूलेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों मोटरसाइकिल पर सवार थे। तेज रफ्तार होने के कारण मोड़ के पास वे गहरी खाई में जा गिरे। लेमरू थाना प्रभारी भीम यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेकर कार्यवाही आरंभ कर दी।
घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया गया और परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त थे और शराब के नशे में धुत थे जिसके कारण यह दुर्घटना घटित हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





