संबलपुर में उद्यमिता जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का सफल आयोजन
संबलपुर, 4 नवंबर 2026: ओडिशा के संबलपुर स्थित गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय (जी.एम. यूनिवर्सिटी) परिसर में उद्यमिता जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम (Entrepreneurship Awareness and Special Vendor Development Programme) का सफलता के साथ आयोजन किया गया।
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (National SC-ST Hub) द्वारा 'इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स फॉर एससी, एसटी एंड विमेन एंटरप्रेन्योर्स' (ICCSWE) के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक एससी, एसटी वर्ग के उद्यमियों, नया उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं एवं लाभार्थियों ने भाग लिया। इसके साथ ही विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs), सरकारी विभागों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स फॉर एससी, एसटी एंड विमेन एंटरप्रेन्योर्स की राष्ट्रीय महासचिव हेमा एक्का ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने अपने संबोधन में एससी, एसटी वर्ग, महिलाओं और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, उद्योग स्थापना तथा स्वावलंबी बनने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय एससी-एसटी हब, भुवनेश्वर के उपमहाप्रबंधक एवं प्रभारी अधिकारी एस. के. साहा ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के उद्देश्यों, योजनाओं और उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में उद्यमियों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं, बाजार के अवसरों, विक्रेता पंजीकरण (Vendor Registration), सरकारी खरीद प्रक्रिया और ऋण सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना: सुजीत कुमार साहा (उपमहाप्रबंधक, राष्ट्रीय एससी-एसटी हब, भुवनेश्वर)
जैम (GeM) पोर्टल: राकेश तिवारी (GeM प्रशिक्षक, वर्चुअल माध्यम से)
पीएसयू विक्रेता विकास: महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL), भारतीय खाद्य निगम (FCI) और एनटीपीसी (NTPC), तालचेर के प्रतिनिधियों ने सरकारी खरीद, विक्रेता पंजीकरण, गुणवत्ता मानकों और बिल भुगतान प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
राज्य सरकार की योजनाएं: उद्योग विभाग एवं जिला उद्योग केंद्र (DIC), संबलपुर के प्रतिनिधियों ने प्रस्तुति दी।
वित्तीय साक्षरता: सीए अशोक अग्रवाल (पूर्व ICAI) ने वित्तीय प्रबंधन एवं जागरूकता पर जानकारी दी।
बैंक ऋण सुविधा: राज्य वर्धन राय (डिप्टी मैनेजर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, रीजनल बिजनेस ऑफिस, संबलपुर)।
कौशल विकास: सरकारी आईटीआई (ITI) हीराकुद, संबलपुर के प्रशिक्षण अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया।
इसके अलावा उद्यमियों के लिए प्रश्नोत्तरी एवं खुला चर्चा सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ऑन-द-स्पॉट 'उद्यम' (Udyam) और 'जैम' (GeM) पंजीकरण सुविधा रही। इसके माध्यम से नए और पुराने उद्यमियों को सरकारी पंजीकरण प्रक्रिया से जोड़ने तथा सरकारी विभागों एवं पीएसयू को सामग्री व सेवाएं आपूर्ति करने के अवसरों के प्रति जागरूक किया गया। 150 से अधिक उद्यमियों और नए लाभार्थियों की उत्साहजनक भागीदारी ने इस कार्यक्रम की सफलता को दर्शाया। अंत में श्री सुजीत कुमार साहा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। दोपहर के भोजन के बाद भी ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कार्य जारी रहा।
यह कार्यक्रम ओडिशा के एससी, एसटी उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने, सरकारी खरीद प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने और 'आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस कार्यक्रम का आयोजन,1. राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (MSME मंत्रालय, भारत सरकार) 2. इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स फॉर एससी, एसटी एंड विमेन एंटरप्रेन्योर्स (ICCSWE) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।





