बाल दिवस के अवसर पर विज्ञान एवं चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित
बाल दिवस के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल (सेक्टर-16) में विज्ञान और चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित
राउरकेला: आज सेक्टर-16 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के पावन अवसर पर भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चित्रकला, क्राफ्ट, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, साहित्य और गणित से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स व मॉडल्स प्रदर्शित किए गए। राउरकेला इस्पात संयंत्र (RSP) के सुरक्षा विभाग के मुख्य महाप्रबंधक अवकास बेहरा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात सभी ने समवेत स्वर में वेद मंत्र और प्रार्थना की।
श्री बेहरा ने प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा बनाए गए चित्रों, क्राफ्ट और मॉडल्स का अवलोकन किया तथा बच्चों के कौशल की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन के माध्यम से ही ज्ञान की परिसीमा में वृद्धि होती है। प्रदर्शनी के विभिन्न विभागों में मूल्यांकन का कार्य आमंत्रित शिक्षकों द्वारा किया गया, जिसमें चित्रकला का मूल्यांकन रमेश चंद्र पात्र और क्राफ्ट का मूल्यांकन शिक्षिका सुनीता नायक ने किया। आसपास के अन्य विद्यालयों से पधारे अतिथियों और शिक्षकों ने भी छात्रों की रचनात्मकता की भूरी-भूरी प्रशंसा की। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के सामूहिक सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संपूर्ण आयोजन का सफल क्रियान्वयन विद्यालय के प्राचार्य राजेश दास के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन और तत्त्वावधान में किया गया।





