नवरात्रि को लेकर बिद्युत विभाग को विशेष निर्देश

नवरात्रि को लेकर बिद्युत विभाग को विशेष निर्देश

धर्मेन्द्र कुमार सिंह (रिपोर्टर) 

आगामी दुर्गा पूजा एवं रामलीला महोत्सव को लेकर विद्युत विभाग एवं केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की एक संयुक्त बैठक स्थानीय होटल शाने अवध के सभागार में संपन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं रामलीला जनपद का सबसे बड़ा त्योहार है। इसकी भव्यता बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग की अहम जिम्मेदारी है कि महोत्सव के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभाग से मांग की कि त्योहार से पूर्व विद्युत तारों की कसाई, ट्रांसफार्मरों की ओवरहालिंग, तारों पर फंटी बांधने, नीचे लटके तारों को ऊपर करने तथा पेड़ों की छंटाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही नगर क्षेत्र में चार तथा प्रत्येक तहसील क्षेत्र में दो-दो मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था अवश्य की जाए। महोत्सव अवधि में 24 घंटे बिजली आपूर्ति निर्बाध रखी जाए तथा एक अलग कंट्रोल रूम की स्थापना भी की जाए।

समिति के प्रमुख संरक्षक विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि समिति द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का त्वरित समाधान आवश्यक है ताकि आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्य त्योहार के समय सभी सब-स्टेशनों पर अधिकारी मौजूद रहें ताकि किसी भी समस्या का तत्काल निवारण हो सके।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रदीप वर्मा ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी विभाग पूरा सहयोग करेगा तथा महोत्सव से जुड़ी सभी समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान कराया जाएगा।
समिति के संरक्षक अमल गुप्ता ने कहा कि प्रस्तुत की गई समस्याओं को सकारात्मक दृष्टिकोण से लेते हुए महोत्सव से पूर्व निस्तारित करना आवश्यक है। बैठक का संचालन समिति के संयोजक गगन जायसवाल ने किया।
विद्युत विभाग प्रभारी सुप्रीत कपूर ने जानकारी दी कि 20 सितंबर से दुर्गा पूजा एवं रामलीला का पर्व आरंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहार में भीड़ अधिक होती है इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत खंभों को नीचे से 5 फीट तक पन्नी से टेपिंग कराई जाए। साथ ही विसर्जन मार्ग पर तारों को ऊपर उठाने और पेड़ों की छंटाई का कार्य भी अत्यंत आवश्यक है।
रामलीला प्रभारी प्रेमनाथ राय ने कहा कि महोत्सव के दौरान कराए गए कार्यों का लाभ स्थानीय जनता को पूरे वर्ष मिलता है। इस अवसर पर जोनल प्रमुख बजरंगी साहू, अतुल सिंह, अखिलेश पाठक, चंदन गुप्ता, पवन निषाद एवं विशाल गुप्ता ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तार से रखा।
बैठक में प्रमुख रूप से विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मनीष चौबे, विनय सोनी, विनोद कुमार, वैभव आनंद, एसडीओ दीपेंद्र सिंह, प्रशांत शेखर, अरशद अली, अभिषेक, हरिशंकर कुशवाहा, संजय सैनी तथा केंद्रीय समिति के जे.एन. चतुर्वेदी, केशव बिगुलर, शिवजी गौड़, अजय विश्वकर्मा, जनार्दन पांडे, संजय श्रीवास्तव, अंकुश गुप्ता, तरुण गुप्ता डंपी, रंजीत शर्मा, मोहित गुप्ता, विवेक साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।