कलेक्ट्रेट से शुरू हुआ विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
धर्मेंद्र सिंह (संवाददाता)
कलेक्ट्रेट से शुरू हुआ विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, जन-जागरूकता रैली निकाली गई
भिनगा, श्रावस्ती, 1 अक्टूबर। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर भिनगा से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता रैली और स्वच्छता तथा फॉगिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने रैली में प्रतिभाग किया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होते हुए निकली। रैली के माध्यम से आमजन को संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
*जागरूकता पर दिया गया जोर
अधिकारियों ने बताया कि संचारी रोगों का मुख्य कारण जलभराव, गंदगी और मच्छरों का प्रजनन है। इससे बचाव के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने देना, कूलर, गमलों और टायरों में पानी एकत्र न होने देना, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनना, मच्छरदानी का उपयोग करना और नियमित साफ-सफाई बनाए रखना आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग और स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी जा रही है।
विभागों का समन्वय।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायती राज विभाग, नगर पालिका, शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग और अन्य संबंधित विभागों की भी सहभागिता रहेगी। सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। आम नागरिकों के सहयोग से ही इन रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सीय परामर्श लें।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





