13 ट्कों पर 8 लाख का जुर्माना
अनुराग आचार्य (व्योरोचीफ)
13 कोयला लदे ट्रकों पर 8 लाख रुपये का जुर्माना, खदान परिवहन में भ्रष्टाचार की खुली पोल
अनुगुल जिले के कनिहा ओपन कास्ट कोल माइन्स में ठेका संस्था 'ए एंड ई' (A&E) द्वारा किए जा रहे कोयला परिवहन में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खदान प्राधिकरण और ठेका संस्था की मिलीभगत से लंबे समय से नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनिहा खदान में पिछले करीब एक साल से काम कर रही 'ए एंड ई' कंपनी कोयला ट्रकों में क्षमता से दोगुना अधिक कोयला अवैध रूप से ढो रही थी। इस अवैध कारोबार की पूरी जानकारी होने के बावजूद खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से खामोश बैठा था।
जब इस अवैध परिवहन की भनक स्थानीय जनप्रतिनिधियों को लगी, तो उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए खदान परिसर में कोयला ढो रहे ट्रकों को रोक लिया और इसकी शिकायत तालचेर के मोटर वाहन विभाग (RTO) से की।
शिकायत के आधार पर परिवहन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गाड़ियों की सघन जांच की। जांच के दौरान ट्रकों में निर्धारित क्षमता से अधिक कोयला लदा होने के पुख्ता प्रमाण मिले, जिसके बाद विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए कुल 13 गाड़ियों पर 8 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई से एक तरफ जहां जनप्रतिनिधियों की सजगता रंग लाई है, वहीं दूसरी ओर ठेका संस्था और खदान अधिकारियों का भ्रष्ट चेहरा भी जनता के सामने बेनकाब हो गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन आगे इस मामले में क्या और कैसी कड़ी कार्रवाई करता है।





