हाई प्रोफाइल देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़

हाई प्रोफाइल देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़

सिविल टाउनशिप में एल-ब्लॉक के एक किराए के मकान पर पुलिस का छापा दो युवतियां मुक्त,किंग पिन समेत चार हिरासत में पुलिस रैकेट के पूरे नेटवर्क की जांच तेज पुख्ता सुचना पर व्यभिचार पर मिड नाइट ऑपरेशन

 राउरकेला के सिविल टाउनशिप स्थित एल-ब्लॉक क्षेत्र में संचालित कथित हाई-प्रोफाइल देह व्यापार रैकेट का रघुनाथपाली थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर दो युवतियों को मुक्त कराया, जबकि कथित सरगना सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में कथित महिला सरगना (क्वीन बी), दो संदिग्ध ग्राहक तथा एक बुजुर्ग पुरुष और एक बुजुर्ग महिला शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग दंपति कथित रूप से युवतियों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार में धकेलने और इस अवैध गतिविधि के संचालन में सहयोग करते थे। हालांकि पुलिस अभी सभी तथ्यों की पुष्टि करने में जुटी है।

छापेमारी के बाद दोनों युवतियों को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि उन्हें किस प्रकार इस रैकेट में लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। रघुनाथपाली थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसके तार अन्य क्षेत्रों से भी जुड़े हैं या नहीं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है और पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।