सेल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में राउरकेला और दुर्गापुर बना चैंपियन

 सेल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में राउरकेला और दुर्गापुर बना चैंपियन

सतीश शर्मा (वरिष्ठ खेल पत्रकार) 

शनिवार को यहां संपन्न सेल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में मेज़बान राउरकेला इस्पात संयंत्र की टीम ने पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में दुर्गापुर इस्पात संयंत्र की टीम चैंपियन बनी, जबकि राउरकेला की टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।

इस्पात इंडोर स्टेडियम में खेले गए पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में राउरकेला की टीम ने गत वर्ष की विजेता दुर्गापुर इस्पात संयंत्र की टीम को 3–1 मैच से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

फाइनल के पहले मैच में राउरकेला के अल्बर्ट किंडो को दुर्गापुर के दीपंजन चौधरी के खिलाफ 10–12, 6–11, 7–11 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद राउरकेला टीम ने अगले तीन मुकाबले लगातार जीतते हुए खिताब अपने नाम किया।

अन्य मुकाबलों में राजेश चौरसिया (राउरकेला) ने प्रत्युष चटर्जी (दुर्गापुर) को 11–6, 11–7, 11–4 से हराया। वहीं डॉ. संजय तिवारी (राउरकेला) ने उज्ज्वल महतो (दुर्गापुर) को 10–12, 11–6, 11–9, 11–7 से पराजित किया। एक अन्य मैच में राजेश चौरसिया (राउरकेला) ने दीपंजन चौधरी (दुर्गापुर) को 11–6, 9–11, 11–9, 11–5 से शिकस्त दी।

तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में इस्को इस्पात संयंत्र (बर्नपुर) की टीम ने कॉरपोरेट मुख्यालय (दिल्ली) को 3–1 से हराया।

महिला वर्ग के फाइनल में दुर्गापुर की टीम ने कड़े मुकाबले में राउरकेला को 3–2 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

समापन समारोह में एमएम विभाग के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर सीजीएम (टाउन सर्विसेज) टी. जी. कणितकार, मुख्य रेफरी कृष्णकांत तथा क्रीड़ा विभाग के डिप्टी मैनेजर रघुनंदन पाढ़ी भी उपस्थित थे।