बंडामुंडा में दंतैल हाथी की दस्तक से हड़कंप

बंडामुंडा में दंतैल हाथी की दस्तक से हड़कंप
बंडामुंडा में दंतैल हाथी की दस्तक से हड़कंप, हावड़ा-मुंबई मुख्य मार्ग पर थमे ट्रेनों के पहिये

आर केबिन और प्रेमनगर बस्ती में घुसा हाथी, रात एक बजे वन विभाग ने सोना पर्वत जंगल की ओर खदेड़ा

बंडामुंडा (राउरकेला): रेलनगरी बंडामुंडा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों की चिंता और दहशत बढ़ती जा रही है। रविवार शाम जोबा पानपोष के पास जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी आबादी वाले क्षेत्र में घुस आया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हाथी के रेलवे ट्रैक के नजदीक पहुंचने से दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर एहतियातन कई बार ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा।

रेलवे ट्रैक के पास पहुंचने से बाधित रहा रेल यातायात स्थानीय लोगों और वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा खदेड़े जाने के दौरान दंतैल हाथी बंडामुंडा के ए केबिन, पी केबिन और डी केबिन के बीच मुख्य रेलमार्ग के पास पहुंच गया। यात्रियों और ट्रेनों की सुरक्षा को देखते हुए रेल प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए:

  • ए केबिन से पी केबिन: शाम 7:36 बजे परिचालन रोका गया, जिसे हाथी के ट्रैक से हटने के बाद रात 8:00 बजे बहाल किया गया।

  • ए केबिन से डी केबिन: शाम 7:55 बजे रेल यातायात रोका गया और रात 8:20 बजे स्थिति सामान्य होने पर ट्रेनें चलाई गईं।

  • ए केबिन से डूमेरता रेलखंड: हाथी के लाइन के करीब आने से रात 8:36 बजे आवाजाही रोकनी पड़ी, जो रात 9:15 बजे दोबारा शुरू हो सकी।

आर केबिन और प्रेमनगर बस्ती में मची चीख-पुकार रेलवे ट्रैक पार करने के बाद दंतैल हाथी सीधे बंडामुंडा की आर केबिन बस्ती में जा घुसा। अचानक रिहायशी इलाके में हाथी को देखकर लोगों में चीख-पुकार मच गई। घबराए लोग अपने घरों के दरवाजे बंद कर अंदर दुबक गए। कुछ देर तक बस्ती में दहशत का माहौल बना रहा, जो हाथी के बाहर निकलने के बाद शांत हुआ। इसके बाद हाथी प्रेमनगर बस्ती के पिछले हिस्से में पहुंचा, फिर मंगल बाजार स्थित कब्रिस्तान के पास से होते हुए कुकुड़ा गांव के बाहरी इलाके की ओर बढ़ गया।

रात एक बजे सोना पर्वत जंगल की ओर खदेड़ा गया हाथी पूरी घटना के दौरान वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से टीम ने हाथी को आबादी वाले क्षेत्रों से बाहर निकालने का अभियान जारी रखा। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार देर रात करीब एक बजे वन विभाग की टीम दंतैल हाथी को सुरक्षित सोना पर्वत जंगल की ओर खदेड़ने में सफल रही। हाथी के जंगल में लौटने के बाद बंडामुंडा और आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।