सुंदरगढ़ से बड़ी खबर: केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुआल ओराम को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश का आरोप, पुलिस जांच शुरू
सुंदरगढ़: ओडिशा के सुंदरगढ़ से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री और सुंदरगढ़ के सांसद जुआल ओराम (Jual Oram) को हनीट्रैप में फंसाने की बड़ी साजिश का आरोप लगाया गया है। इस गंभीर मामले की शिकायत देश के लोक शिकायत पोर्टल (CPGRAMS) पर दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद ओडिशा पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, राउरकेला के रेलवे कॉलोनी निवासी नवीन गुप्ता ने इस संबंध में एक विस्तृत शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि केंद्रीय मंत्री जुआल ओराम को निशाना बनाते हुए एक बड़ा हनीट्रैप जाल बुना गया है, जिसमें जबरन वसूली (Extortion), अवैध हथियार, ब्लैक मनी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा (National Security) से जुड़ा हुआ बताया है।
जिला मुख्यालय से राउरकेला पुलिस को ट्रांसफर हुआ केस सीपीग्राम्स (CPGRAMS) पोर्टल पर पंजीकरण संख्या MINHA/E/2026/0045258 के तहत दर्ज इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुंदरगढ़ जिला पुलिस मुख्यालय (HRPC) ने मामला राउरकेला के पुलिस अधीक्षक (SP) को ट्रांसफर कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक, सुंदरगढ़ द्वारा जारी आधिकारिक पत्र (No. 9065/HRPC) के अनुसार, चूंकि यह मामला पूरी तरह से राउरकेला पुलिस जिला क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र (Jurisdiction) में आता है, इसलिए वहां के एसपी को इस पर उचित और कानूनी रूप से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पत्र की प्रतियां पुलिस महानिरीक्षक (DIG), पश्चिमी रेंज, राउरकेला और शिकायतकर्ता नवीन गुप्ता को भी आवश्यक सूचना के लिए भेजी गई हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा और बड़े आपराधिक सिंडिकेट का संदेह।
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि शब्दों की सीमा कम होने के कारण उन्होंने पूरी शिकायत की एक विस्तृत पीडीएफ फाइल पोर्टल पर अटैच की है। इसमें 'व्हाइट ऑफिशियल पासपोर्ट' के गलत इस्तेमाल और वीआईपी सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिशों का भी जिक्र है। फिलहाल इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बेहद सतर्कता से जांच आगे बढ़ा रही है।