पुलिस की वर्दी फाड़ पिटाई करने के आरोप में चार गिरफ्तार
बीजेपी नेता की सरेआम गुंडई, बीच चौराहे पर वर्दी फाड़कर दरोगा को पीटा, 4 लोग पहुंचे सलाखों के पीछे
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस ने दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना पर पहुंचे दारोगा से मारपीट करने और उसकी वर्दी फाड़ने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें आरोपी भाजपा नेता दारोगा का कॉलर पकड़कर उसके साथ अभद्रता करता दिख रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अरविंद कुमार ने गुरुवार को बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात की है। पुलिस को हाईवे थाना क्षेत्र के बालाजीपुरम चौराहे पर दो पक्षों के झगड़ा होने की सूचना मिली थी। इस पर एक दारोगा और सिपाही को मौके पर भेजा गया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बालाजीपुरम वार्ड की पार्षद के पति दिनेश कुमार की मोटरसाइकिल से नीरज नामक व्यक्ति की कार टकरा गई थी। इसे लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते पथराव होने लगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसकी सूचना मिलने पर दारोगा चेतन भारद्वाज और सिपाही मौके पर पहुंचे। बीच—बचाव की कोशिश पर पार्षद के पति भाजपा नेता दिनेश और उसके साथियों ने दारोगा से अभद्रता शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि दारोगा की वर्दी भी फाड़ दी गयी। सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और भाजपा नेता दिनेश और उसके तीन साथियों को हिरासत में ले लिया।





