ढाई लाख रुपए के नशीली इंजेक्शन के साथ महिला व युवक गिरफ्तार
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना अंतर्गत कर्रा मोड़ व झींगो उर्सु लाइन मिशन स्कूल के पास से पुलिस ने ढाई लाख रुपए के 922 नग नशीली इंजेक्शन के साथ महिला व युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।
थाना प्रभारी कुमार चंदन सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कर्रा निवासी 45 वर्षीय सुनील जायसवाल पिता लल्लू जायसवाल व ग्राम बोरी खजुरी थाना बरगढ़ जिला गढ़वा झारखंड निवासी 21 वर्षीय मानपति कुमारी पिता बाबूलाल सिंह खैरवार दोनो अलग-अलग बस में बैठकर गढ़वा से नशीली इंजेक्शन लेकर राजपुर क्षेत्र में बिक्री करने आ रहे हैं। थाना प्रभारी कुमार चंदन सिंह ने सर्व प्रथम अपने उच्चाधिकारी पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी को सूचना दी। सूचना उपरांत थाना प्रभारी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे दोपहर 12:45 बजे सुनील जायसवाल जैसे ही बस से उतरा पुलिस ने हिरासत में लिया सुनील जायसवाल के पास से 200 नशीली इंजेक्शन, 122 एबिल इंजेक्शन बरामद किया। इसके बाद झींगों उर्सु लाइन मिशन स्कूल के पास शाम 5:10 बजे महिला मानपति कुमारी जैसे ही बस से उतरी पुलिस ने हिरासत में लिया। महिला के पास से 300 नशीली इंजेक्शन व 300 ऐबिल इंजेक्शन बरामद किया। पुलिस दोनो के विरुद्ध धारा 22 सी एनडीपीएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया,जहाँ जमानत ना मिलने पर दोनों को न्यायालय से जेल भेज दिया गया।





