डकैती की साजिश नाकाम हथियारों के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार
प्लांटसाइट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की साजिश रच रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिसरा चौक स्थित ट्रैफिक मार्केट पार्किंग परिसर में कुछ लोग घातक हथियारों के साथ इकट्ठा होकर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी कर सभी आरोपियों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से **दो लोहे की तलवार, एक भुजाली (काती) और दो लोहे की रॉड बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी राहगीरों, आसपास के घरों, दुकानों और पेट्रोल पंप को निशाना बनाने की तैयारी में थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक गंभीर आपराधिक घटना होने से पहले ही विफल हो गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





