जंगली हाथी के हमले से महिला रेलकर्मी की मौत

 राउरकेला के बंडामुंडा में एक जंगली हाथी के हमले में 56 वर्षीय महिला रेलकर्मी मरियम लकड़ा की दर्दनाक मौत हो गई है।
यह दर्दनाक हादसा बुधवार सुबह करीब चार बजे उस वक्त हुआ, जब मरियम लकड़ा चक्रधरपुर में अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने बंडामुंडा रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान रेलवे यार्ड के रास्ते में अचानक उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
सुबह जब अन्य रेलकर्मी यार्ड में पहुंचे, तो उन्होंने महिला का क्षत-विक्षत शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के बैग से मिले रेलवे पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान मरियम लकड़ा के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद से रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं इलाके में जंगली हाथी की मौजूदगी से दहशत का माहौल भी बना हुआ है।"