गाँव के सरकारी जमींन पर कंपनी का कब्ज़ा -ग्रामीणों में रोष
रामप्रवेश चौधरी ( संवाददाता )
राजगांगपुर :कुतरा ब्लाक के जेएसडब्ल्यू (पुराना नाम-शिवा सिमेंट) सिमेंट कारखाना अपनी उत्पादन क्षमता बढा़ने के लिए (कच्चामाल) चुना पत्थर में भी बढो़तरी करने के मकसद से खटकुलबहाल में खान संप्रसारण करने के साथ क्रेसर बैठाने की कोशिश कर रहा है।
इस मामले में ग्रामीणों ने स्थानीय सरपंच का घेराव किया है।
सुंदरगढ़ जिला के राजगांगपुर विधानसभा अंतर्गत आने वाले कुतरा ब्लाक स्थित जेएसडब्ल्यू सीमेंट कारखाने की उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी करने के लिए कच्चे माल की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के मद्देनजर कंपनी की ओर से खटकुलबहाल स्थित खदान का संप्रसारण करने के साथ क्रेसर बैठाने की कोशिश की जा रही है। इस मामले को लेकर राज्य प्रदुषण विभाग की ओर से जनसुनवाई करने की कोशिश की जा रही है।

इस विषय को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष व्याप्त है। खबर ये भी है कि स्थानीय ग्रामीणों ने जनसुनवाई स्थगित करने के साथ कच्चे माल की उत्पादन क्षमता नहीं बढ़ने देने के लिए जिलापाल को एक लिखित जानकारी दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय खटकुलबहाल सरपंच और कंपनी के अधिकारियों के बीच सांठगांठ है। सदियों से ग्रामीणों के व्यवहार में आने वाला तालाब और पतराटोली से खटकुलबहाल जाने वाले रास्ते को सरपंच ने कंपनी के अधीन कर दिया है। वहीं दूसरी ओर सरकारी जमीन का बहुत बड़े हिस्से पर भी कंपनी ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।
ग्रामीणों के व्यवहार में आने वाले तालाब और रास्ते को कंपनी के कब्जे में दे देने से ग्रामीणों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस कड़ी का सबसे अहम पहलू यह भी कहा कि सरपंच ने ग्रामसभा में इन सभी कार्यों को नियमों की अनदेखी कर सभा में प्रस्तुत कर ग्रामीणों को गुमराह किया है।
इस मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने सरपंच के घर जाकर मामले की सच्चाई जानने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों के पुछे जाने पर सरपंच जबाव देने में आनाकानी करने लगे और ग्रामीणों को धमकाने के साथ उनसे बाता-बाती भी की। सरपंच और ग्रामीणों के बीच हुई कहासुनी का मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जनसुनवाई स्थगित नहीं किया गया तो आगामी दिनों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रर्दशन किया जाएगा।





