कचहरी की सुरक्षा में सेंध बार में मिला तमंचा और कारतूस
अयोध्या जिला न्यायालय में उस समय खलबली मच गई जब बार के सेड़ नंबर-5 में चमंचा और कारतूस पाया गया। इस घटना ने जिला कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दए हैं। शनिवार को कचहरी के शेड नंबर 5 में रखे एक लावारिस बैग से दो अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद होने से कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया।
सूत्रों से प्राप्त सूचना के अनुसार, सुबह के 8 बजे से 8:45 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा यह बैग उक्त स्थान पर रखा गया था। घटना के समय परिसर में मेटल डिटेक्टर और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद इस तरह की चूक होना चिंताजनक माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही जिला जज, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण कर जांच के आदेश दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बार संघ के अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने इसे बड़ी सुरक्षा चूक बताते हुए कहा कि इस घटना से वकीलों और मुवक्किलों के बीच दहशत का माहौल है। उन्होंने जिलाधिकारी और जिला जज से इस मामले की लिखित शिकायत करने की बात कही।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।





