राउरकेला और सुंदरगढ़ में धूमधाम से मना राष्ट्रीय प्रेस दिवस
राउरकेला और सुंदरगढ़ में धूमधाम से मना राष्ट्रीय प्रेस दिवस; 'लोकप्रियता बनाम कर्तव्यबोध' पर हुआ गहन मंथन।
राउरकेला/सुंदरगढ़, 16 नवंबर: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज राउरकेला और सुंदरगढ़ में जिला प्रशासन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष समारोहों का आयोजन किया गया। इस वर्ष के मुख्य विषय "पत्रकारिता: लोकप्रियता बनाम कर्तव्यबोध" पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे और पत्रकारों से लोकप्रियता की दौड़ के बजाय अपनी सामाजिक जिम्मेदारी और निष्पक्षता को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
राउरकेला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते हुए अतिरिक्त जिलापाल सह महानगर निगम आयुक्त दीना दस्तगीर ने प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पत्रकारों को पूरी जवाबदेही के साथ सटीक खबरें पेश करनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रावणी नायक ने मीडिया को समाज का दर्पण बताया, जबकि पानपोष उपजिलापाल प्रभात कुमार परिड़ा ने वर्षों से चली आ रही प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता और महत्व को रेखांकित किया।
इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सुमन दत्त सहित वरिष्ठ पत्रकार मनोरंजन दास, सत्यानंद बेहेरा, चित्तरंजन ब्रह्मा, कुंज बिहारी राउत और निगमानंद दास ने भी विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्थानीय सरकारी स्वायत्तशासी महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र-छात्राएं रहे। विश्वविजयिनी नायक, स्निग्धा सोनी, श्रेया पात्र और सृष्टि प्रसाद ने इस अवसर पर अपने भाषण दिए, जिसके बाद सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सीमा फातिमा एक्का की अध्यक्षता और वरिष्ठ पत्रकार महेंद्र मिश्र के संचालन में हुए इस आयोजन में बणई उपखंड जनसंपर्क अधिकारी पुष्पांजलि साहू भी उपस्थित थीं। समारोह के दौरान सैकड़ों ओड़िया, अंग्रेजी और हिंदी समाचार पत्रों की एक आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
उधर, सुंदरगढ़ के सद्भावना भवन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिलापाल (राजस्व) अभिमन्यु माझी ने पत्रकारों को समाज का जागृत प्रहरी और आम जनता की आवाज बताया। उन्होंने प्रेस की स्वतंत्रता पर चर्चा करते हुए कहा कि स्वतंत्र मीडिया ही जनसाधारण तक सत्य, निष्पक्ष और त्रुटिहीन सूचना पहुंचा सकता है।
मुख्य वक्ता प्राध्यापिका सुस्मिता भोई ने प्रेस की उत्पत्ति, समाचार पत्रों के इतिहास और सामाजिक समस्याओं के समाधान में मीडिया की सशक्त भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, प्रेस क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष एम.डी. शब्बीर और वरिष्ठ पत्रकार देवव्रत जेना ने पत्रकारिता के अपने अनुभव साझा करते हुए जमीनी स्तर पर पत्रकारों को होने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नंदिनी मुंडारी ने स्वागत भाषण देते हुए दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में एक खुली चर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।





